टीम को समर्पित है पद्मश्री पुरस्कार : पीआर श्रीजेश
Publish Date: Wed, 25 Jan 2017 (22:43 IST)
Updated Date: Wed, 25 Jan 2017 (22:45 IST)
नई दिल्ली। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान और स्टार गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने प्रतिष्ठित नागरिक पुरस्कार पद्मश्री के मिलने पर खुशी जताते हुए इसे टीम को समर्पित किया है। श्रीजेश को भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली, रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक, चौथा स्थान हासिल करने वाली करिश्माई जिमनास्ट दीपा करमाकर तथा रजत विजेता दीपा मलिक सहित आठ खिलाड़ियों के साथ इस वर्ष पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है।
श्रीजेश ने पुरस्कार मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि मैं इस प्रतिष्ठित अवार्ड को अपनी टीम को समर्पित करता हूं जिसने पिछले कुछ वर्षों में शानदार प्रदर्शन कर सफलता की नई ऊंचाइयां तय की हैं। हम एक साथ एक इकाई के रूप में खेले और कई यादगार जीत अपने नाम की। मेरी पहचान अकेले नहीं बल्कि एक टीम के रूप में है।
हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने श्रीजेश को बधाई देते हुए कहा कि मैं भारतीय गोलकीपर को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देता हूं। उनकी यह सफलता उनके कठिन परिश्रम और खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। श्रीजेश एक गजब के गोलकीपर होने के साथ ही शानदार कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने ढेरों सफलताएं हासिल की हैं। वे युवा खिलाड़ियों के लिये प्रेरणादायी है। (वार्ता)