1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Para Asian Games, Sunder Singh Gurjar, Bhala Throw

पैरा एशियाई खेल में सुंदर ने भाला फेंक में जीता रजत, एथलेटिक्स में 4 पदक

Para Asian Games
जकार्ता। भारत के सुंदर सिंह गुर्जर ने इंडोनेशिया के जकार्ता में चल रहे पैरा एशियाई खेलों के एथलेटिक्स मुकाबलों की पुरुष भाला फेंक एफ 46 स्पर्धा में गुरुवार को रजत पदक जीत लिया। 
 
 
भारत को एथलेटिक्स में इसके अलावा तीन कांस्य पदक मिले। भारत इन पैरा खेलों में एथलेटिक्स में चार स्वर्ण, 8 रजत और 10 कांस्य सहित कुल 22 पदक जीत चुका है। भारत के इन खेलों में अब तक 7 स्वर्ण, 14 रजत और 20 कांस्य सहित कुल 41 पदक हो गए हैं। 
 
सुंदर ने अपने पहले प्रयास में 59.16 मीटर भाला फेंका। उन्होंने फिर 59.06, 61.06, 60.22, 61.33 और 58.68 मीटर तक भाला फेंका। उनकी 61.33 मीटर की थ्रो ने उन्हें रजत पदक दिला दिया। वह मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गए। श्रीलंका के दिनेश हेरात ने 61.84 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता।
 
इस स्पर्धा में भारत के रिंकू ने 60.92 मीटर की थ्रो के साथ देश को कांस्य पदक दिलाया। भारत के ही देवेंद्र 59.17 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहे। अवनिल कुमार ने पुरुषों की 400 मीटर टी 13 स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया जबकि टेकचंद ने पुरुषों की शॉटपुट एफ 54/एफ 55 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
अगला लेख
दूसरे टेस्ट मैच में मयंक को पदार्पण का मौका नहीं, ऋषभ विकेटकीपर