1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Kerala Blasters defeated Chennai

Kerala Blasters। हीरो इंडियन सुपरलीग के 5वें सीजन में चेन्नइयन को हरा केरल ने हासिल की दूसरी जीत

Kerala Blasters
कोच्चि। केरल ब्लास्टर्स ने हीरो इंडियन सुपरलीग (आईएसएल) के 5वें सीजन में अपने घर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए मैच में मौजूदा विजेता चेन्नइयन एफसी को 3-0 से हरा दिया।
 
यह 2 बार की उपविजेता केरल की इस सीजन की दूसरी जीत है। हालांकि ये दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई हैं, ऐसे में यह मैच दोनों टीमों के लिए सम्मान की लड़ाई के सिवाय कुछ नहीं था। इस जीत ने केरल को 8वें स्थान पर पहुंचा दिया है। उसके 16 मैचों में 14 अंक हो गए हैं। चेन्नइयन की टीम अंक तालिका में 8 अंकों के साथ सबसे नीचे 10वें पायदान पर ही है।
 
शुक्रवार रात खेले गए इस मुकाबले में मेजबान टीम अपने घर में मौजूदा विजेता पर पहले ही मिनट से हावी रही। केरल के स्टोजानोविक ने 11वें मिनट में 2 प्रयास किए। पहले प्रयास में उन्होंने बॉक्स के कोने से गेंद को नेट में डालना चाहा लेकिन चेन्नइयन के गोलकीपर करणजीत ने उसे रोक लिया। तुरंत बाद माटेज पोपलाटनिक ने रिबाउंड पर लिया और यहां एक बार फिर करणजीत ने उसे बचा केरल को गोल नहीं करने दिया।
 
16वें मिनट में एक बार फिर स्टोजानोविक ने पोपलाटनिक को बॉक्स में गेंद दी। पोपलाटनिक ने हैडर लिया, जो पोस्ट से टकराकर बाहर आ गया था। 2 प्रयासों में नाकाम रहने वाली केरल को आखिरकार 22वें मिनट में गोल मिल ही गया। उसके लिए यह गोल पोपलाटनिक ने ही किया। मोहम्मद राकिप ने थ्रोबॉल ली और उसे बॉक्स में केइजेरोन किजिटो ने अपने पास लिया और फिर गोल पर निशाना लगाया जिसे करणजीत ने बचा लिया लेकिन सामने खड़े पोपलाटनिक ने मौके का फायदा उठा हैडर के जरिए गेंद को नेट में डाल मेजबान टीम को 1-0 से आगे कर दिया।
 
पहले हॉफ में चेन्नइयन बराबरी का गोल नहीं कर पाई और दूसरे हॉफ में पोपलाटनिक ने उसकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया। उन्होंने 55वें मिनट में चेन्नइयन के 2 डिफेंडरों को छकाते हुए केरल को 2-0 से आगे कर दिया। इस बार भी उनकी मदद स्टोजानोविक ने की। गेंद दाएं फ्लैंक से बाएं फ्लैंक पर आई और स्टोजानोविक ने उसे अपने पास लिया और फिर पोपलाटनिक ने उसे आसानी से गोल में डाल इस मैच में अपना और अपनी टीम को दूसरा गोल किया।
 
साहल अब्दुल समद ने मेजबान केरल के लिए 71वें मिनट में तीसरा गोल कर दिया। इस गोल के पीछे चेन्नइयन का कमजोर डिफेंस बड़ी वजह रहा। टोनडोनबा सिंह से गेंद गलती से साहल के पास आ गई। चेन्नइयन का डिफेंस कुछ कर पाता, इससे पहले ही साहल ने गेंद को नेट में डाल केरल को 3-0 से आगे कर दिया। (वार्ता)
अगला लेख
34 हॉकी संभावितों में विश्व कप टीम के सभी खिलाड़ी शामिल