1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Indian women's hockey team

CWG : भारतीय महिला हॉकी टीम ने ओलंपिक चैंपियन इंग्लैंड को हराया

Indian women's hockey team
गोल्ड कोस्ट। भारतीय महिला हॉकी टीम ने गजब का प्रदर्शन करते हुए विश्व की नंबर 2 टीम और ओलंपिक चैंपियन इंग्लैंड को 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को 2-1 से हराकर 3 मैचों में अपनी दूसरी जीत दर्ज की और सेमीफइनल की अपनी उम्मीदें कायम रखीं।
 
 
गोल्ड कोस्ट हॉकी सेंटर में खेले गए इस मुकाबले में विश्व की 10वें नंबर की टीम भारत ने 1 गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जीत अपने नाम की। इंग्लैंड ने मैच के पहले ही मिनट में कप्तान अलेक्सांद्रा डेनसन के गोल से बढ़त बना ली लेकिन भारत ने वापसी करते हुए 6 मिनट के अंतराल में 2 गोल दागकर जीत अपनी झोली में डाल दी।
 
नवनीत कौर ने 42वें मिनट में बराबरी को गोल किया जबकि गुरजीत कौर ने 48वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर मैच विजयी गोल दाग दिया। भारत के इस जीत के बाद अब 6 अंक हो गए हैं और उसने अपना अगला मुकाबला 10 अप्रैल को दक्षिण अफ्रीका से खेलना है।
 
मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि एक मजबूत टीम के खिलाफ यह मुश्किल मैच था लेकिन लड़कियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है, क्योंकि हमने उस टीम को हराया जिसने ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। इस जीत से टीम को आगे के लिए आत्मविश्वास मिलेगा। भारत ने वेल्स से अपना पहला मैच हारने के बाद लगातार 2 मैच जीत लिए हैं। (वार्ता)
अगला लेख
CWG 2018 : भारोत्तोलकों का सुनहरा अभियान जारी, पूनम ने जीता 5वां स्वर्ण