biodatamaker
Mon, 17 Aug 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. India Austria hockey match

भारत ने ऑस्ट्रिया को 4-3 से हराया

India
एम्सटेलवीन। रमनदीप सिंह और चिंगलेनसना सिंह कांगुजम के 2-2 गोल की मदद से भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ऑस्ट्रिया को 4-3 से हराकर यूरोप दौरे का अंत जीत के साथ किया।
 
रमनदीप ने 25वें और 32वें मिनट में गोल किए जबकि चिंगलेनसना ने 37वें और 60वें मिनट में गोल दागा। भारत ने यूरोप दौरे का अंत 3 जीत और 2 हार के साथ किया। ऑस्ट्रिया के लिए ओलिवर बिंडर (14वां), माइकल कोर्पेर (53वां) और पैट्रिक एस (55वां) ने गोल किए।
 
दुनिया की चौथे नंबर की टीम नीदरलैंड्स को लगातार 2 मैचों में हराने के बाद भारत ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ धीमी शुरुआत की। गेंद पर नियंत्रण में भारत आगे रहा लेकिन सर्कल के भीतर उतने हमले नहीं बोले जा सके।
 
ऑस्ट्रिया ने 14वें मिनट में बिंडेर के गोल के दम पर पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत ने हालांकि दूसरे क्वार्टर में अपनी गलतियों में सुधार करके 25वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। अमित रोहिदास ने गेंद रमनदीप सिंह को सौंपी जिसने गोल करने में कोई चूक नहीं की।
 
ब्रेक के बाद भारतीय टीम ने अधिक आक्रामक तेवर दिखाए। रमनदीप ने 32वें मिनट में शानदार गोल किया। इस गोल से भारत को 2-1 से बढ़त मिल गई। भारत को गोल करने का एक और मौका मिला, जब मनदीप सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर दिलाया। यह मौका हालांकि बेकार गया, क्योंकि गेंद क्रॉस बार से टकरा गई। मनदीप के बनाए एक और मौके पर भारत को सफलता मिली, जब 37वें मिनट में उपकप्तान चिंगलेनसना ने गोल दागा। 
 
आखिरी क्वार्टर से पहले भारत के पास 3-1 की बढ़त थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने 53वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर कोर्पेर के गोल के दम पर वापसी की कोशिश की। भारत को 1 मिनट पहले गुरजंत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर दिलाया लेकिन मनप्रीत सिंह इसे गोल में नहीं बदल सके।
 
8 मिनट बाकी रहते फॉरवर्ड ललित उपाध्याय को गोल करने का सुनहरा मौका मिला लेकिन ऑस्ट्रियाई गोलकीपर ने गेंद को भीतर नहीं जाने दिया। इस बीच ऑस्ट्रिया ने 55वें मिनट में पैट्रिक के गोल के दम पर 3-3 से बराबरी कर ली।
 
आखिरी कुछ मिनट काफी तनावपूर्ण रहे, जब भारत ने गोल करने के लिए पूरा जोर लगा दिया। हूटर से 10 सेकंड पहले चिंगलेनसना ने शानदार गोल किया, जब रमनदीप ने गुरजंत के जरिए गेंद उन्हें सौंपी। भारतीय टीम शुक्रवार को यूरोप दौरे से वापस लौटेगी। (भाषा)
ये भी पढ़ें
रामकुमार सिनसिनाटी मास्टर्स के दूसरे दौर से बाहर