• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. India Australia hockey
Written By
Last Updated : शनिवार, 18 मई 2019 (00:23 IST)

भारतीय हॉकी टीम ऑस्ट्रेलिया से 2-5 से हारी

India Australia hockey। भारतीय हॉकी टीम ऑस्ट्रेलिया से 2-5 से हारी - India Australia hockey
पर्थ। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने विश्व में नंबर 2 ऑस्ट्रेलिया के हाथों 2-5 की शिकस्त के साथ शुक्रवार को यहां अपने ऑस्ट्रेलियाई दौरे का अंत किया।
 
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ट्रेंट मिटन (11वें और 24वें मिनट), फ्लिन ओगिलवी (तीसरे मिनट), ब्लैक गोवर्स (28वें मिनट) और टिम ब्रांड (43वें मिनट) ने गोल किए। भारत के लिए नीलकांत शर्मा (12वें) और रूपिंदरपाल सिंह (53वें मिनट) ने गोल दागे।
 
भारत को शुरू में मौका मिला था लेकिन एडी ओकेनडेन ने उसका बचाव कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने जवाबी हमला किया जिस पर भारतीय गोलकीपर कृष्ण पाठक ने नाकाम कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने हालांकि तीसरे मिनट में ही गोल करके बढ़त हासिल कर ली।
 
भारत को 8वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे नीलकांत ने खराब कर दिया। ऑस्ट्रेलिया को 10वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारत ने उस पर गोल नहीं होने दिया लेकिन अगले मिनट में मिटन ने भारतीय रक्षकों की गलती का फायदा उठाकर स्कोर 2-0 कर दिया। भारत ने हालांकि तुरंत ही मौका बनाया। गुरशाहबजीत ने सर्किल में पास दिया और मिडफील्डर नीलकांत उस पर गोल करने में सफल रहे।
 
दूसरे हॉफ के शुरू में भारत ने गेंद पर अधिक कब्जा रखा। उसे 23वें मिनट में मौका मिला था लेकिन विवेक सागर प्रसाद के पास पर मनदीप सिंह गोल नहीं कर पाए। इसके बाद हालांकि मिटन ने अपना दूसरा और ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरा गोल दाग दिया। ऑस्ट्रेलिया को 28वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे गोवर्स ने गोल में बदला।
 
ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे क्वार्टर में दबदबा बनाए रखा। अम्मान कुरैशी के पास 43वें मिनट में गोल करने का बेहतरीन मौका था लेकिन जोहान ड्रस्ट ने बहुत अच्छा बचाव किया। ऑस्ट्रेलिया ने जवाबी हमला किया जिस पर टिम ब्रांड स्कोर 5-1 करने में सफल रहे।
 
भारत ने आखिर में 53वें मिनट में दूसरा गोल किया। रूपिंदर ने पेनल्टी कॉर्नर पर यह गोल दागा लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हो पाया। (भाषा)