शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Hockey India donated 75 lakhs more
Written By
Last Updated : शनिवार, 4 अप्रैल 2020 (16:52 IST)

हॉकी इंडिया ने 75 लाख रुपए और दान दिए

हॉकी इंडिया ने 75 लाख रुपए और दान दिए - Hockey India donated 75 lakhs more
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने शनिवार को प्रधानमंत्री राहत कोष में 75 लाख रुपए और दान में दिए जिससे देश में कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए उसका कुल योगदान 1 करोड़ रुपए का हो गया। 
 
हॉकी इंडिया ने इससे पहले एक अप्रैल को 25 लाख रुपए दान में दिए थे। हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड ने 75 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि देने का फैसला किया।
 
हॉकी इंडिया अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने बयान में कहा, ‘इस संकट को देखते हुए यह समय की जरूरत है और भारत सरकार के साथ एकजुट होने का समय है जो कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए सबकुछ कर रहे हैं।’ 
 
उन्होंने कहा, ‘हमें इतने वर्षों में देशवासियों का काफी समर्थन मिला है जिन्होंने हमें विभिन्न चुनौतियों के दौर में प्रेरित करना जारी रखा। अब समय भारत वासियों को वापस देने का है जिसके लिए हम जितना कर सकते हैं, कर रहे हैं।’
 
हॉकी इंडिया के महासचिव राजिंदर सिंह भी मुश्ताक के विचारों से सहमत थे। उन्होंने कहा, ‘हॉकी इंडिया हमेशा जरूरत के समय में मदद करने पर भरोसा रखता है और मुझे गर्व है कि कार्यकारी बोर्ड ने मिलकर 1 करोड़ रुपए प्रधानमंत्री राहत कोष में देने का फैसला किया।’ 
 
पूरे देश से खिलाड़ियों का योगदान जारी रहा जिसमें शीर्ष गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी ने 7 लाख रुपए पीएम केयर्स कोष में दिए। 
 
लाहिड़ी ने ट्वीट किया, ‘इस मुश्किल के समय में मैं अपने प्रशंसकों से योगदान करने का आग्रह करूंगा। मैंने पीएम केयर्स कोष में 7 लाख रुपए का दान दिया है और साथ ही जोमैटो फीडिंग इंडिया अभियान में भी 100 परिवारों की मदद कर रहा हूं।’ 
 
भारत में अभी तक कोविड-19 से 3,000 के करीब लोग संक्रमित हैं जबकि 70 लोगों की मौत हो चुकी है। (भाषा)