1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Great Khali, Khali, Brodie, Max, Apollo, WWF

खली ने लिया बदला, ब्रॉडी, मैक्स और अपोलो को किया चित्त

Great Khali
हल्दवानी। 'द ग्रेट खली रिटर्न्स मेगा शो' के बहुचर्चित मुकाबले में रविवार को खली ने अपने वादे के मुताबिक प्रतिद्वंदी ब्रॉडी स्टील, मैक्स और अपोलो को रिंग में धराशायी करके बदला ले लिया। 
घायल दलीप सिंह राणा उर्फ खली ने नकली रेसलिंग (WWF) में मात्र 2 मिनट के भीतर तीनों विदेशियों को पीट-पीटकर चित्त कर दिया। घड़ी में जैसे ही रात के 10 बजकर 42 मिनट हुए, वैसे ही खली रिंग में उतर गए। इस पूरे तमाशे का दर्शकों ने जमकर मजा लूटा।
 
आज फिर हाथ, लात, घूंसे तो चले ही कुर्सियां भी आजमाई गईं। 24 फरवरी को खली को जब कुर्सियों से पीटा गया था, तब वे आईसीयू में पहुंच गए थे और आधे घंटे में इलाज करवाकर लौट आए। 
 
इसके बाद वे मीडिया के सामने सिर पर पट्‍टा बांधकर आए और गरजे... 'खून का बदला खून'। 28 फरवरी की रात यहां पर WWF के प्रेमियों का जमावड़ा लग गया। विदेशी रेसलर ब्रॉडी स्टील, अपोलो और मैक्स 10.35 में रिंग में दाखिल होकर खली को ललकारने लगे। 
 
विदेशी रेसलरों के उकसावे में आकर जब खली रिंग में दाखिल हुए तो ब्रॉडी उन पर भूखे शेर की तरह टूट पड़े। कुछ देर बाद ब्रॉडी के साथी मैक्स और अपोलो ने भी रिंग में प्रवेश किया। इसके बाद तीनों ने मिलकर खली की पिटाई करना शुरू की। इस बार भी मैक्स के हाथों में कुर्सी आ गई और वे खली को पीटने लगे।
 
भरपूर पिटाई के बाद खली को स्ट्रेचर पर लादकर जब ले जाया जा रहा था, तब फिर से विदेशी रेसलरों ने उन्हें ललकारा। खली भी जोश में आ गए और स्ट्रेचर से कूदकर रिंग में जा पहुंचे। इसके बाद उन्होंने ब्रॉडी स्टील, मैक्स और अपोलो की जमकर धुनाई की। मात्र दो मिनट के भीतर तीनों को चित्त करके अपना परचम लहरा दिया। दर्शक 'खली', 'खली' के नारे लगाते रहे और उनका जोश बढ़ाते रहे।
 
WWF के इस मुकाबले में लोगों ने ड्रामे का भरपूर लुत्फ उठाया। दर्शकों की हूटिंग और रैफरी की नोंकझोंक ने मुकाबले को रोमांचकारी बना दिया था। ब्रॉडी के दोनों साथी अपोलो और मैक्स को जंजीरों में जकड़ा गया। 
 
कुल मिलाकर यह मुकाबला बॉलीवुड की कोई मसाला फिल्म के एक शूट जैसा था। मुकाबले का माहौल तो 10 बजे से ही बनना शुरू हो गया था, जब भारतीय मूल के रेसलर जिंदल महल ने विदेशी पहलवान को धराशायी करके दर्शकों को खुश कर दिया था।