1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह खुल्लर का निधन, हॉकी इंडिया ने जताया शोक

पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह खुल्लर का निधन, हॉकी इंडिया ने जताया शोक

Former hockey player Balbir Singh Khullar
नई दिल्ली। पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह खुल्लर का निधन हो गया है। हॉकी इंडिया ने रविवार को यह जानकारी दी। बलबीर 77 साल के थे और 1968 में ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं।

हॉकी इंडिया ने ट्वीट किया, हमें अपने पूर्व हॉकी खिलाड़ी और 2 बार ओलंपिक पदक विजेता टीम के सदस्य रहे बलबीर सिंह खुल्लर की मौत का दुख है। उन्होंने कहा, हम उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं। इस दुख के समय में हॉकी इंडिया की ओर से हमारी प्रार्थनाएं बलबीर सिंह खुल्लर और उनके मित्रों के साथ हैं।

पंजाब के जालंधर जिले के संसारपुर में जन्मे बलबीर ने 1963 में फ्रांस के लियोन में भारत की ओर से पदार्पण किया। उन्होंने भारतीय टीम में इनसाइड फारवर्ड के रूप में प्रतिष्ठा हासिल की और बेल्जियम, इंग्लैंड, नीदरलैंड और पश्चिम जर्मनी जैसे देशों का दौरा किया।

बलबीर 1966 में बैंकॉक एशियाई खेलों में स्वर्ण और 1968 में मैक्सिको में हुए ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य थे।
अगला लेख
हेनरिच क्लासेन का नाबाद शतक, पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका ने दी ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त