1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. ओलंपिक पदक विजेता कार्मेलिटा जेटर दिल्ली हॉफ मैराथन की अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा दूत बनीं

Carmelita Jeter | ओलंपिक पदक विजेता कार्मेलिटा जेटर दिल्ली हॉफ मैराथन की अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा दूत बनीं

Carmelita Jeter
नई दिल्ली। ओलंपिक पदक विजेता अमेरिका की फर्राटा धाविका कार्मेलिटा जेटर को 20 अक्टूबर को यहां होने वाली एयरटेल दिल्ली हॉफ मैराथन के 15वें संस्करण का अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा दूत नियुक्त किया गया।
 
जेटर के नाम फ्लोरेंस ग्रिफिथ-जायनर के बाद महिला 100 मीटर फर्राटा दौड़ का दूसरा सबसे तेज समय (10.64 सेकंड) दर्ज है। ग्रिफिथ-जायनर का 1998 में निधन हो गया था। जेटर 2009 में शंघाई गोल्डन ग्रांप्री में 100 मीटर फर्राटा दौड़ जीतकर दुनिया की सबसे तेज जीवित महिला बनी थीं।
 
जेटर के नाम 3 ओलंपिक पदक दर्ज हैं। उन्होंने 2012 लंदन खेलों में 4 गुना 100 मीटर रिले का स्वर्ण, 100 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा का रजत और 200 मीटर स्पर्धा का कांस्य पदक जीता था।
 
जेटर ने इसके अलावा विश्व चैंपियनशिप में 3 स्वर्ण और विश्व एथलेटिक्स फाइनल में 2 स्वर्ण भी जीते। विश्व चैंपियनशिप, विश्व इंडोर चैंपियनशिप और विश्व रिले चैंपियनशिप में उनके नाम 1-1 रजत पदक भी दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 3 चैंपियनशिप में 3 कांस्य पदक भी जीते हैं। उन्होंने 2017 में ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं से संन्यास लिया।