1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Bajrang wins Gold in Commonwealth Games

बजरंग ने भारत को 65 किग्रा में दिलाया स्वर्ण

Bajrang Punia
गोल्ड कोस्ट। भारत के बजरंग पूनिया ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती के अपने 65 किग्रा फ्री स्टाइल वर्ग में शुक्रवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह बजरंग का राष्ट्रमंडल खेलों में पहला स्वर्ण पदक है। 
 
बजरंग ने वेल्स के केन चारिग को काफी आसानी से 10-0 से हराकर एकतरफा जीत अपने नाम की। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाले भारतीय पहलवान ने दिन के अपने सभी मुकाबले तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर जीते।
 
भारतीय पहलवान ने मैट पर आते ही सवा मिनट के अंदर अपना स्वर्ण पदक मुकाबला जीत लिया। उन्होंने वेल्स के खिलाड़ी को एक भी अंक नहीं लेने दिया और शुरुआत में ही 2-0 की बढ़त बनाई और फिर उन्हें फ्लिप करते हुए लगातार दो-दो अंक बटोरे जबकि विपक्षी खिलाड़ी एक बार भी बजरंग को नियंत्रित नहीं कर सके। बजरंग ने 6-0 और 8-0 के बाद फिर से चारिग को पलटते हुए दो अंक लिए और 10-0 से अपना मैच जीत लिया।
 
भारत की पदक उम्मीद बजरंग ने इससे पहले दिन के अन्य मुकाबलों में सेमीफाइनल में कनाडा के विंसेट डी मारिन्स को 10-0 से और क्वार्टरफाइनल में नाइजीरिया के अमास डेनियल को भी 10-0 से हराया था। (वार्ता)
अगला लेख
दिनेश कार्तिक ने जिस तरह वापसी की, वह अविश्वसनीय है : मोरे