Russia Ukraine War Updates : इरपिन में घुसी रूसी सेना, 2,037 यूक्रेनी सैन्य ढांचे तबाह
कीव। युद्ध के 11वें दिन रूसी सेना ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं। मारियुपोल में रूसी सेना ने जमकर बमबारी की। यूक्रेन भी रूस को करारा जवाब दे रहा है। इस बीच भारत, इसराइल समेत कई देश युद्ध खत्म करने का भी प्रयास कर रहे हैं। युद्ध से जुड़ी हर जानकारी...
चीन भी युद्ध के विरोध में : चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन से कहा है कि चीन ऐसे किसी भी कदम का विरोध करेगा जो यूक्रेन में आग में घी डालने का काम करता हो। ब्लिंकन ने कहा कि दुनिया देख रही है कि कौन से देश स्वतंत्रता और संप्रभुता के सिद्धांत के साथ खड़े हैं। चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने शनिवार को फोन पर बातचीत की।
वांग ने मौजूदा संकट के समाधान के लिए वार्ता की अपील की और इसके साथ ही यूरोपीय सुरक्षा प्रणाली में संतुलन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूरोप को पूर्वी यूरोप में नाटो के विस्तार से रूस की सुरक्षा पर पड़ने वाले नकारात्मक असर पर भी गौर करना चाहिए।
बाइडन ने 30 मिनट की जेलेंस्की से चर्चा : अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को फोन कर रूस पर आर्थिक प्रतिबंधों की जारी प्रक्रिया की जानकारी दी और यूक्रेन के लिए अमेरिकी सैन्य, मानवीय तथा आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर बातचीत की। व्हाइट हाउस ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच 30 मिनट से अधिक चली बातचीत में रूस और यूक्रेन के बीच हुई वार्ता पर भी चर्चा हुई।
जेलेंस्की ने ट्विटर पर कहा कि दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच यूक्रेन को सुरक्षा, आर्थिक सहयोग तथा रूस पर आर्थिक प्रतिबंधों की जारी प्रक्रिया के बारे में बातचीत हुई।
In phone call with Biden, Zelensky discusses security, financial support for Ukraine
— ANI Digital (@ani_digital) March 6, 2022
Read @ANI Story | https://t.co/Dg6NBjPMp7#Ukraine #RussiaUkraineConflict #Zelensky #Biden #USA pic.twitter.com/Vb7U2u5P0E
एलन मस्क करेंगे यूक्रेन की मदद : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी एलन मस्क को यूक्रेन की उपग्रह और इंटरनेट प्रणाली को उनकी कंपनी स्टारलिंक द्वारा सहायता दिए जाने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। जेलेंस्की ने ट्वीट किया कि मैं उनका अपने शब्दों और कार्यों से यूक्रेन की मदद करने के लिए आभार व्यक्त करता हूं। अगले हफ्ते नष्ट हो चुके शहरों के लिए स्टारलिंक प्रणाली की अगली सहायता मिलेगी।
मास्टरकार्ड और वीजा की सेवाएं बंद : मास्टरकार्ड और वीजा रूस में अपनी सेवाएं बंद कर रहे हैं। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद रूस के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों और अनेक कंपनियों द्वारा देश से अपने कारोबारी संबंध समाप्त करने के क्रम में यह एक नया कदम है।
ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से भारतीय की वापसी का सिलसिला जारी। बुडापेस्ट से 2 उड़ानों में 400 से ज्यादा लोग भारत पहुंचे। स्लोवाकिया से 140 लोगों की दिल्ली वापसी।
इरपिन पर रूस का हमला : रूसी सेना ने कीव के पास स्थित इरपिन शहर पर हमला कर दिया। रूसी की सेना इरपिन में घुस गई है। यहां रूसी सेना भीषण बमबारी कर रही है।
रूस ने तबाह किए 2,037 यूक्रेनी सैन्य ढांचे : रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेनकोव ने कहा कि रूसी सशस्त्र बलों ने अब तक 2,037 यूक्रेनी सैन्य बुनियादी ढांचे को नष्ट किया है। इन ढांचों में 71 कमांड पोस्ट और यूक्रेनी सशस्त्र बलों के संचार केंद्र, 98 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल सिस्टम और 61 रडार स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा जमीन पर लगभग 66 विमान और हवा में 16 विमान को नष्ट किया गया, जबकि 708 टैंक और अन्य बख्तरबंद लड़ाकू वाहन, 74 मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर, 261 फील्ड आर्टिलरी और मोर्टार, 505 यूनिट विशेष सैन्य वाहन और 56 मानव रहित हवाई को भी मार गिराया गया है।
तीसरे परमाणु संयंत्र की तरफ बढ़ रहा है रूस : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को अमेरिकी सांसदों के साथ बातचीत के दौरान दावा किया कि रूसी बल यूक्रेन के दो परमाणु संयंत्र पर कब्जा कर चुके हैं और वे तीसरे संयंत्र की ओर बढ़ रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि मौजूदा समय में माइकोलाइव के उत्तर में करीब 120 किलोमीटर की दूरी पर स्थित युझनौक्रेंस्क परमाणु ऊर्जा संयंत्र खतरे में है।
पोलैंड में अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन : रूसी हमले के 10वें दिन में प्रवेश करने के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन यूक्रेन की सीमा के पास दक्षिण-पूर्वी पोलैंड की यात्रा पर पहुंचे हैं। ब्लिंकन पोलैंड के शीर्ष अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए शनिवार को रेज़ज़ो पहुंचे और बाद में उन्होंने यूक्रेनी शरणार्थियों से मिलने के लिए एक सीमावर्ती चौकी का दौरा किया।
14.5 लाख लोगों ने छोड़ा यूक्रेन : शरणार्थी संबंधी संयुक्त राष्ट्र एजेंसी का कहना है कि यूक्रेन में युद्ध की शुरुआत होने के बाद से अब तक करीब 14.5 लाख लोग देश छोड़ चुके हैं। एजेंसी ने कहा कि इनमें से 7,87,300 शरणार्थी पोलैंड, करीब 2,28,700 मोल्दोवा, 1,44,700 हंगरी, 1,32,600 रोमानिया और 1,00,500 स्लोवाकिया पहुंचे हैं।

