गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. रूस-यूक्रेन वॉर
  3. न्यूज़ : रूस-यूक्रेन वॉर
  4. Poland shoots down Russian drones: Will NATO enter war in Ukraine
Last Updated :वोहिन (पोलैंड) , गुरुवार, 11 सितम्बर 2025 (00:13 IST)

Russia Ukraine War : महायुद्ध की आशंका, रूस-यूक्रेन युद्ध में अब NATO की एंट्री, ड्रोन गिराने के लिए भेजे फाइटर प्लेन

Russia-Ukraine war
रूस के कई ड्रोन पोलैंड में घुसने के बाद नाटो ने उन्हें मार गिराने के लिए कई विमान भेजे। रूसी ड्रोन के पोलैंड में घुसने को योरपीय अधिकारियों ने बुधवार को जानबूझकर की गई उकसावे की कार्रवाई करार दिया। यूक्रेन पर रूस के हमलों के दौरान रूसी ड्रोन पोलैंड तक पहुंचे। इसके तुरंत बाद नाटो के पलटवार के चलते युद्ध के फैलने की आशंकाएं बढ़ गई हैं।
हालांकि रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने पोलैंड को निशाना नहीं बनाया जबकि रूस के करीबी बेलारूस ने कहा कि उसे पता चला है कि जाम होने के कारण कुछ ड्रोन दिशा से भटक गए। यूरोपीय यूनियन के विदेश नीति की प्रमुख कैजा कलास ने ब्रसेल्स में पत्रकारों से कहा कि रूस का छेड़ा हुआ युद्ध तेज हो रहा है, खत्म नहीं हो रहा। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हमारी परीक्षा ले रहे हैं। पोलैंड में जो हुआ है वह रुख बदलने वाला है।
 
2022 में यूक्रेन पर रूस के पूर्ण आक्रमण के बाद से पोलैंड के हवाई क्षेत्र का कई बार उल्लंघन किया गया है, लेकिन पोलैंड या नाटो क्षेत्र में कहीं भी इस पैमाने पर कभी उल्लंघन नहीं हुआ है। पोलैंड ने कहा कि कुछ ड्रोन बेलारूस से आए हैं, जहां रूसी और बेलारूसी सैनिक शुक्रवार से शुरू होने वाले युद्धाभ्यास के लिए एकत्रित होने लगे हैं।
 
यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने ड्रोन इसमें शामिल थे। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने संसद को बताया कि सात घंटे में 19 बार उल्लंघन हुआ। जर्मन रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने संसद में कहा कि इस बात पर संदेह करने का कोई आधार नहीं है कि ड्रोनों के दिशा से भटकने के कारण ऐसा हुआ। इन ड्रोनों को स्पष्ट रूप से जानबूझकर इस दिशा में भेजा गया था। नीदरलैंड के लड़ाकू विमान पोलैंड की सहायता के लिए आए और कुछ ड्रोन को रोक लिया।
पोलैंड के विदेश मंत्री राडेक सिकोर्स्की ने बाद में ड्रोनों को निष्क्रिय करने में नीदरलैंड के पायलटों के शानदार प्रदर्शन के लिए नीदरलैंड सरकार को धन्यवाद दिया। नाटो ने इस घटना पर चर्चा करने के लिए बैठक की। यह बैठक युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन पर रूस के सबसे बड़े हवाई हमले के तीन दिन बाद हुई।
 
नाटो ने इस घटना पर चर्चा करने के लिए बैठक की, जो युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन पर रूस के सबसे बड़े हवाई हमले के तीन दिन बाद हुई। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) ने पोलैंड का समर्थन किया।
 
नाटो के प्रवक्ता कर्नल मार्टिन ओ'डॉनेल कहा कि पहली बार मित्र देशों के हवाई क्षेत्र में संभावित खतरों को देखते हुए नाटो ने विमान भेजे हैं। नीदरलैंड के रक्षा मंत्री रूबेन ब्रेकेलमैन्स के अनुसार इसमें डच एफ-35 लड़ाकू विमान भी शामिल थे, जिन्होंने ड्रोन को रोका। इससे पहले, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘कल रात बड़ी संख्या में रूसी ड्रोनों ने पोलैंड के वायु क्षेत्र का उल्लंघन किया। जिन ड्रोनों से सीधा खतरा पैदा हो रहा था, उन्हें मार गिराया गया।’’
 
पोलैंड की सशस्त्र सेनाओं को मंगलवार रात और बुधवार सुबह अत्यधिक सतर्क कर दिया गया था, क्योंकि उन्होंने इसे ‘‘यूक्रेन में स्थित लक्ष्यों के खिलाफ बड़े पैमाने पर हवाई हमले’’ बताया था।
 
रक्षा मंत्री व्लादिस्लाव कोसिनियाक-कामिज़ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि ‘‘10 से अधिक वस्तुएं’’ पोलैंड के वायु क्षेत्र में घुस आईं और जो पोलैंड की सुरक्षा के लिए ख़तरा थीं, उन्हें निष्क्रिय कर दिया गया।
 
वारसॉ के चोपिन हवाई अड्डे ने सैन्य अभियानों के कारण हवाई क्षेत्र बंद होने का हवाला देते हुए कई घंटों के लिए उड़ानें निलंबित कर दीं। पोलैंड के सशस्त्र बलों ने बुधवार सुबह कहा कि उन स्थानों पर तलाशी ली जा रही है जहां ड्रोन संभावित रूप से गिरे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे ऐसी किसी भी वस्तु के पास न जाएं, उसे न छुएं या न हिलाएं क्योंकि ये वस्तुएं खतरा पैदा कर सकती हैं और उनमें खतरनाक सामग्री हो सकती है।
 
पोलैंड ने पहले भी यूक्रेन पर हमलों के दौरान रूसी वस्तुओं के उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की शिकायत की है। पोलैंड के रक्षा मंत्री ने अगस्त में कहा कि पूर्वी पोलैंड में मक्के के एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरी वस्तु की पहचान रूसी ड्रोन के रूप में हुई थी और उन्होंने इसे रूस द्वारा की गई उकसावे की कार्रवाई बताया था।
मार्च में पश्चिमी यूक्रेन में हमले के दौरान एक रूसी मिसाइल के पोलिश हवाई क्षेत्र से गुजरने के बाद पोलैंड ने जेट विमानों को भेजा था। 2022 में एक मिसाइल पोलैंड में गिरी थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गयी। यह मिसाइल संभवतः यूक्रेन द्वारा रूसी हमले को रोकने के लिए दागी गई थी।
 
वहीं, रूसी रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट में कहा कि उसने रात भर में विभिन्न रूसी क्षेत्रों में 122 यूक्रेनी ड्रोनों को नष्ट कर दिया, जिनमें क्रीमिया और काला सागर के क्षेत्र भी शामिल हैं। इनपुट एजेंसियां Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
अमेरिकी में ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क की हत्या, यूनिवर्सिटी कार्यक्रम में मारी गोली