1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. नायिका
  4. »
  5. डोर रिश्तों की
  6. अब दुल्हे भी सीख रहे हैं ''पाक कला''

अब दुल्हे भी सीख रहे हैं 'पाक कला'

शादी
- गरिमा विजयवर्गीय

ND
ND
शादी के पहले दुल्हन को दी जाने वाली 'पति के दिल का रास्ता पेट से होकर गुजरने' वाली सीख महानगरों में पलटती नजर आ रही है। कुकरी क्लासेज में 'भावी दूल्हों' की बढ़ती संख्या बताती है कि दुल्हन के 'दिल' तक पहुँचने के लिए दूल्हे भी अब उनके ‘पेट' से होकर गुजरने वाले रास्ते का सहारा ले रहे हैं।

दिल्ली में कुकरी क्लासेज की श्रृंखला चलाने वाली ज्योति अग्रवाल ने 'भाषा' से कहा 'मेरे पास कई ऐसे लड़के और कामकाजी युवक आते हैं जो खाना बनाने के ‘क-ख-ग' से लेकर विशेष व्यंजन बनाना तक सीखना चाहते हैं। शादी होने से पहले भी कई लड़के खाना बनाने में दिलचस्पी लेते हैं। हालांकि आनुपातिक तौर पर इनकी संख्या अभी कम है, लेकिन फिर भी धीरे-धीरे यह परंपरा जोर पकड़ रही है।'

इस नई परंपरा को ग्लोबल ट्रेंड से जोड़ कर देखने वाली ज्योति ने कहा 'शहरी भारत में वैश्विक स्तर की कई परंपराएँ अपनाई जा रही हैं। ऐसे समय में जब दोनों पति-पत्नी कामकाजी हैं और दोनों के पास ही एक-दूसरे के लिए कम समय है, पति भी चाहते हैं कि पत्नी के हर काम में उसका सहयोग करें। टीवी शोज में भी दिखाया जा रहा है कि पति को परफेक्ट होना चाहिए, ऐसे में परफेक्शन के पैमाने में खाना बनाना भी शामिल हो रहा है।'

राजधानी में कुकरी क्लासेज चलाने वाली नमिता वर्मा ने बताया 'देश के जाने-माने सभी शेफ पुरूष हैं और इसके चलते भी पुरूष वर्ग की महिलाओं का एकाधिकार माने जाने वाले इस क्षेत्र में दिलचस्पी बढ़ रही है।' नमिता ने कहा 'मेरे पास कई लड़के ऐसे भी आए, जिन्होंने अपनी भावी पत्नी के कहने पर कुकरी संबंधी कई किताबों से पाक कला के कुछ नुस्खे सीखे।

इसके बाद औपचारिक प्रशिक्षण लेने के लिए उन्होंने क्लास का रुख किया। अब लड़कों को कुकरी क्लास में आकर कुकिंग सीखने में भी झिझक नहीं है।' मुंबई में कुकरी और बेकिंग क्लासेज की श्रृंखला के संचालक पूजा गुप्ता ने बताया कि पिछले दो सालों से लड़कों और भावी दूल्हों के कुकिंग क्लासेज में आने के मामले बढ़े हैं।

पूजा ने बताया 'अलग-अलग शिफ्टों में काम करने वाले दंपत्तियों और भावी दंपत्तियों ने इस विकल्प के बारे में सोचना शुरू कर दिया है। कई लड़के शादी के पहले इसलिए कुकिंग सीखने आते हैं, ताकि शादी के बाद पत्नी के पास समय कम होने पर भी काम चलाया जा सके।

महँगाई और अविश्वास के जमाने में पति-पत्नी को खाना बनाने के लिए नौकर रखने से परहेज होता नजर आ रहा है।' पूजा ने बताया 'एक साल पहले प्रेम विवाह करने वाले एक जोड़े में पत्नी ने पति के सामने शादी के लिए कुकिंग सीखने की शर्त रखी, जिसके बाद लड़के ने शादी के पूर्व दो महीने तक नियमित तौर पर खाना बनाने का प्रशिक्षण लिया। शादी के बाद लड़की अब पति की पाक कला की कायल है।'
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें