1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Virbhadra Singh, Prem Kumar Dhumal, Himachal Pradesh Elections

वीरभद्र सिंह के खिलाफ बदले की भावना नहीं : प्रेम धूमल

Virbhadra Singh
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यमंत्री पद के दावेदार प्रेम कुमार धूमल ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में पार्टी की सरकार बनने के बाद कांग्रेस नेता एवं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ बदले की भावना से कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
        
भाजपा नेता और दो बार राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके धूमल ने कहा कि सिंह के खिलाफ बदले की भावना से कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, बदले की कोई राजनीति नहीं की जाएगी और राज्य सरकार का पूरा ध्यान विकास पर होगा और कानून के शासन में जनता का विश्वास बनाए रखने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
      
उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की हालत काफी बदतर हो चुकी है और सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार की प्राथमिकता राज्य को देवभूमि बनाना होगा और इसे माफिया भूमि अथवा ड्रग्स भूमि बनाने से रोकना होगा। 
 
उन्होंने कहा कि उनके पास राज्य में निवेश को आकर्षित करने और हिमाचल प्रदेश को विकास के रास्ते पर तेजी से ले जाने की योजनाएं हैं। गौरतलब है कि राज्य में भाजपा के 60 सीटों को जीतने के दावे पर सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा था कि अगर भाजपा 68 में से 60 सीटें जीत लेती हैं तो वह हिमाचल प्रदेश को छोड़कर चले जाएंगे। 
 
इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए धूमल ने कहा, हम साठ सीटें तो जीत जाएंगे लेकिन सिंह राज्य छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। उन जैसे अनुभवी नेता को राज्य छोड़कर नहीं जाना चाहिए और हम उनके अनुभव तथा दूरदर्शिता का पूरा लाभ उठा सकते हैं। (वार्ता)
अगला लेख
अदालत ने खारिज किया तीन तलाक, महिला को मिला न्याय