1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Situation tense in 2 districts of Manipur

मणिपुर के 2 जिलों में स्थिति तनावपूर्ण, इन क्षेत्रों में मिली कर्फ्यू में ढील

Situation tense in 2 districts of Manipur
Manipur News : मणिपुर के इंफाल ईस्ट और इंफाल वेस्ट जिलों में शुक्रवार को स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। इन जिलों में एक दिन पहले कर्फ्यू लगाया गया था। वहीं थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों सहित इंफाल घाटी के बाकी हिस्सों में कर्फ्यू में ढील दी गई है, ताकि लोग दवाएं और खाद्य पदार्थों सहित आवश्यक वस्तुएं खरीद सकें।
 
गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने पुलिस थानों में हंगामा करते हुए उन पांच युवकों की रिहाई की मांग की, जिन्हें अत्याधुनिक हथियार रखने और सेना की वर्दी से मिलती-जुलती वर्दी पहनने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद इंफाल ईस्ट और इंफाल वेस्ट जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया था।
 
इंफाल ईस्ट जिले के पोरोम्पैट और हीनगांग और इंफाल वेस्ट जिले के सिंगजामेई और क्वाकीथेल में प्रदर्शनकारियों के पुलिस थानों पर हमले के प्रयास के बाद त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के कर्मियों सहित सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े जिसके बाद 30 से अधिक लोग मामूली रूप से घायल हो गए।

इनमें ज्यादातर महिलाएं हैं। इसके बाद कर्फ्यू लगा दिया गया। प्रशासन ने नगर पालिका, बिजली, स्वास्थ्य, पीएचईडी विभाग के अधिकारियों, मीडियाकर्मियों और हवाईअड्डे जाने वाले विमान यात्रियों को कर्फ्यू से छूट दी है।
 
थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों सहित इंफाल घाटी के बाकी हिस्सों में कर्फ्यू में ढील दी गई ताकि आम लोग दवाएं और खाद्य पदार्थों सहित आवश्यक वस्तुएं खरीद सकें। थौबल जिले में सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक और बिष्णुपुर में सुबह 5 बजे से शाम 5 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
अगला लेख
मीरवाइज उमर फारूक की 4 साल बाद नजरबंदी हटाई