1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 5 people arrested for roaming with weapons in Manipur

Manipur: सेना की वर्दी पहनकर हथियार लेकर घूमने के आरोप में 5 लोग गिरफ्तार

Manipur Police
Manipur: मणिपुर पुलिस (Manipur Police) ने सेना की वर्दी पहनकर अत्याधुनिक हथियार लेकर घूमने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सशस्त्र बदमाशों के जबरन वसूली करने, धमकाने, पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग करने और प्रतिरूपण करने की सूचनाएं मिल रही थीं जिसे रोकने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है।
 
अधिकारी ने एक बयान में कहा कि इसी प्रयास के तहत एक अभियान चलाकर शनिवार को 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन लोगों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया जिन्होंने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया। बयान के मुताबिक गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और ईस्ट इंफाल जिले के पोरोमपात पुलिस थाने पर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे।
 
बयान के अनुसार हंगामे के दौरान त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के एक जवान समेत कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। बयान में कहा गया है कि मणिपुर पुलिस इस तरह का अभियान जारी रखने और राज्य में शांति बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
संसद का सत्र छोटा है लेकिन समय के हिसाब से ‘बहुत बड़ा’ और मूल्यवान : पीएम मोदी