सपा का और एक विधान परिषद सदस्य इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल
Publish Date: Fri, 4 Aug 2017 (16:09 IST)
Updated Date: Fri, 4 Aug 2017 (16:12 IST)
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के एक और विधान परिषद सदस्य ने शुक्रवार को सदन की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया।
विधान परिषद के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सपा सदस्य डॉक्टर सरोजिनी अग्रवाल ने सदन की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उनका कार्यकाल वर्ष 2021 में समाप्त होना था। सरोजिनी बाद में प्रदेश की महिला एवं परिवार कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी और ग्राम्य विकास राज्यमंत्री महेन्द्र सिंह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गईं। सरोजिनी ने कहा कि सपा में दोफाड़ होने के बाद उनका पार्टी में मन नहीं लग रहा था इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया।
उन्होंने कहा कि मैं नेताजी (सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव) की वजह से 2 बार विधान परिषद सदस्य बनी। अब नेताजी पार्टी में सक्रिय नहीं हैं। मेरी किसी से नाराजगी नहीं है। मैं सभी का बहुत सम्मान करती हूं। जब से पार्टी में टूट हुई, तब से मुझे बहुत अटपटा लगता था। यह कह सकते हैं कि मेरा मन नहीं लगता था।
भाजपा प्रवक्ता शलभमणि त्रिपाठी ने इस घटनाक्रम के बारे में कहा कि इससे साबित हो गया है कि आम आदमी ही नहीं बल्कि अन्य विरोधी पार्टियों के नेताओं का भी नरेन्द्र मोदी तथा पार्टी अध्यक्ष अमित शाह में विश्वास बढ़ा है।
पिछले 1 सप्ताह के दौरान सपा के विधान परिषद सदस्य द्वारा इस्तीफा दिए जाने का यह तीसरा मामला है। इससे पहले गत 29 जुलाई को सपा के बुक्कल नवाब और यशवंत सिंह उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। (भाषा)