शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Sanjay Raut alleged that Maharashtra is being run like an underworld
Written By
Last Modified: गुरुवार, 6 अप्रैल 2023 (17:33 IST)

संजय राउत का बड़ा आरोप, महाराष्ट्र को अंडरवर्ल्ड की तरह चलाया जा रहा

Sanjay Raut
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने गुरुवार को महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया कि राज्य को अंडरवर्ल्ड की तरह चलाया जा रहा है, जैसा कभी मुंबई में संचालित होता था। पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के प्रमुख सहयोगी राउत ने कहा कि अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दिया जा रहा है और मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अपना-अपना गिरोह चला रहे हैं।

राउत ने आरोप लगाया, यह (एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस शासन) कोई सरकार नहीं है। राज्य को अंडरवर्ल्ड की तरह चलाया जा रहा है, जैसा कभी ठाणे और मुंबई से संचालित होता था। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अपने-अपने गिरोह चला रहे हैं।

उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार को 14 राजनीतिक दलों द्वारा विपक्ष के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के मनमाने इस्तेमाल का आरोप लगाने संबंधी याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था। इससे जुड़े सवाल पर राउत ने कहा कि शीर्ष अदालत के आदेश के बाद भारतीय जनता पार्टी जिस तरह से जश्न मना रही है, वह उनकी खुशी को प्रदर्शित करता है।

उन्होंने दावा किया, ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और सीबीआई का राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ दुरुपयोग किया जा रहा है। भाजपा की ‘वाशिंग मशीन’ में साफ होने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

वॉशिंग मशीन का संदर्भ अक्सर भाजपा के विरोधियों द्वारा दिया जाता है, जो दावा करते हैं कि केंद्रीय एजेंसियों की जांच का सामना कर रहे विपक्षी दलों के नेता जब भाजपा में शामिल हो जाते हैं, तो उनके खिलाफ या तो जांच रोक दी जाती है या उन्हें क्लीन चिट दे दी जाती है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
Indore Bus Hijack Case : बदमाशों ने बंदूक की नोक पर बस को किया हाईजैक, घंटों तक शहर में घुमाया