शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Mumbai Building Fire
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 28 दिसंबर 2018 (00:47 IST)

मुंबई में 16 मंजिला इमारत में भीषण आग, 5 लोगों की मौत

मुंबई में 16 मंजिला इमारत में भीषण आग, 5 लोगों की मौत - Mumbai Building Fire
मुंबई। मुंबई में 16 मंजिला एक गगनचुंबी आवासीय भवन में गुरुवार को लगी भीषण आग में 2 महिलाओं सहित 5 लोगों की मौत हो गई। देर रात कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
 
 
बृहन्मुंबई महानगरपालिका की आपदा प्रबंधन इकाई के एक अधिकारी ने बताया कि उपनगरीय इलाके तिलक नगर में स्थित 16 मंजिला भवन में आग लगी है। मुंबई दमकल विभाग राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है।
 
उन्होंने कहा कि दमकल विभाग को शाम 7 बजकर 51 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। तुरंत हमारा अग्निशमन दस्ता और एम्बुलेंस मौके पर रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि तिलक नगर में गणेश गार्डन के पास संग्राम सोसायटी (जी+16) के 10वें फ्लोर पर आग लगी।

उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों ने फ्लोर से छह लोगों को बाहर निकाला और उन्हें पड़ोस के राजवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया। स्थानीय निकाय द्वारा संचालित अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि 5 लोगों की मौत हो गई। घायल हुए दो अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर है। घायलों में एक दमकलकर्मी भी है।
 
स्थानीय निकाय ने मृतकों की पहचान सुनीता जोशी (72), भालचन्द्र जोशी (72), सुमन श्रीनिवास जोशी (83), सरला सुरेश गंगर (52) और लक्ष्मीबेन प्रेमजी गंगर (83) के रूप में की है। सुनीता जोशी विखरोली के थाना प्रभारी संजय जोशी की मां हैं। घायलों की पहचान श्रीनिवास जोशी (86) और दमकलकर्मी छगन सिंह (28) के रूप में हुई है।