1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Madhya Pradesh, Bhopal, Ajay Singh

अंगदान के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाएं : अजय सिंह

Madhya Pradesh
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि अंगदान के प्रति समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के लिए सामाजिक संस्थाएं और जिम्मेदार लोग मिलकर प्रयास करें।


नेता प्रतिपक्ष कार्यालय से आज यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार सिंह अंगदान के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिए गठित अर्पणम् फाउंडेशन के कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस मौके पर अंगदान करने वाले एपी श्रीवास्तव, कुमारी श्रद्धा रघुवंशी, अजय शिरके, शषांक कोरान्ने, विष्णु कुंभकार, अमित भार्गव और अशोक पाटिल के परिजन को भी सम्मानित किया गया तथा उनके परिवार को हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी देने की घोषणा की गई।

इस अवसर पर सिंह ने कहा कि अंगदान एक ऐसा दान है जो लोगों को एक नया जीवन देता है। अब हमारी जवाबदारी है कि हम सभी लोग मिलकर समाज में ऐसा वातावरण बनाएं कि लोग स्वतः प्रेरित हों और ब्रेन डेड व्यक्ति के ऑर्गन जरूरतमंद को देकर उन्हें एक नया जीवन दें।

सिंह ने अर्पणम फाउंडेशन के प्रेरणास्रोत शिवशरण दास अग्रवाल 'दास बाबू' का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव लोगों की मदद की। संस्था का गठन कर उनके पुत्र सुरेंद्र अग्रवाल और अनिल अग्रवाल ने अपने पिता को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। गुफा मंदिर के महंत चंद्रमादास त्यागी ने कहा कि अंगदान जैसे महादान के अभियान का आज गति देने की आवश्यकता है। इसके सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक स्तर पर प्रयास का पूरे समाज को इसके लिए प्रेरित करने का काम करना चाहिए।

डॉ सुबोध वार्ष्णेय ने बताया कि देश में एक्सीडेंट में लगभग डेढ़ लाख लोग ब्रेन डेड होते हैं, लेकिन इनमें से मात्र 600 लोगों के ही अंगदान हो पाते हैं। भोपाल में यह संख्या मात्र 6 से 7 है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष अजय सिंह विछोदिया ने अपने सभी सामाजिक बंधुओं के अंगदान की घोषणा की। (वार्ता)
अगला लेख
आतंकवाद, संरक्षणवाद और जलवायु परिवर्तन सबसे बड़ा खतरा : मोदी