eknath shinde joke row cops issue : मुंबई पुलिस ने गुरुवार को स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में उसके समक्ष 31 मार्च को पेश होने को कहा। यह मामला हाल में खार के हैबिटेट कॉमेडी क्लब में कामरा के शो से जुड़ा है, जहां उन्होंने एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए एक पैरोडी गाना गाया था। इस घटना के बाद शिवसेना समर्थकों ने जमकर हंगामा किया था और रविवार रात क्लब और होटल में तोड़फोड़ की थी।
शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर खार पुलिस ने कामरा (36) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि कामरा को मंगलवार को पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया था लेकिन उन्होंने सात दिन का समय मांगा था। अधिकारी ने बताया कि उन्हें जारी दूसरे समन में कुणाल कामरा को 31 मार्च को पुलिस के समक्ष पेश होने को कहा गया है।
पुलिस ने राहुल कनाल समेत शिवसेना के 12 लोगों को स्टूडियो में तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उन्हें हिरासत में लिए जाने के कुछ घंटों बाद ही जमानत दे दी गई थी। महाराष्ट्र विधान परिषद ने भी शिंदे के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के संबंध में कामरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस स्वीकार कर लिया है। इंस्टाग्राम बायो के अनुसार कामरा फिलहाल पुडुचेरी में हैं।
विशेष हनन अधिकार नोटिस
महाराष्ट्र विधान परिषद ने स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस स्वीकार कर लिया है। कामरा पर हाल में एक कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का कथित रूप से अपमान करने का आरोप है। नोटिस में शिवसेना (उबाठा) नेता सुषमा अंधारे का भी नाम है।
महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति राम शिंदे ने बृहस्पतिवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि उन्होंने गद्दार शब्द के जरिये कटाक्ष को लेकर कुणाल कामरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस स्वीकार कर लिया है और इसे विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया है। यह विवाद खार के हैबिटेट कॉमेडी क्लब में कामरा के हालिया शो से उपजा है, जहां उन्होंने एकनाथ शिंदे को निशाना बनाते हुए एक पैरोडी गीत प्रस्तुत किया था।
इस कृत्य के कारण शिवसेना समर्थकों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने रविवार रात क्लब तथा होटल में तोड़फोड़ की थी। राम शिंदे ने कहा कि मैंने कुणाल कामरा और शिवसेना (उबाठा) नेता सुषमा अंधारे के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस स्वीकार कर लिया है और इसे विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष प्रसाद लाड को भेज दिया है। प्रस्ताव के संबंध में आगे की कार्रवाई समिति द्वारा तय की जायेगी।
यह नोटिस बुधवार को भाजपा के विधान परिषद सदस्य प्रवीण दरेकर द्वारा पेश किया गया था, जो सदन के नेता भी हैं। विधान परिषद के नेता दरेकर ने प्रस्ताव पेश करते हुए कहा था कि कुणाल कामरा ने एक पैरोडी गीत गाया, जिसमें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणियां शामिल थीं।
उन्होंने कहा था कि अंधारे ने उक्त गाने का समर्थन किया और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जो सदन की अवमानना है। दरेकर ने आरोप लगाया था कि कामरा और अंधारे दोनों ने अपनी टिप्पणियों के जरिये विधायी संस्थाओं की गरिमा का अनादर किया है।
भाजपा एमएलसी प्रसाद लाड को पिछले साल विशेषाधिकार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह अब समिति के अन्य सदस्यों के साथ नोटिस की समीक्षा करेंगे। यदि समिति को शिकायत में कोई दम नजर आता है तो प्रस्ताव को सदन में चर्चा के लिए लाया जा सकता है।
इस बीच, एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना के विधायक रमेश बोरनारे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कथित तौर पर मजाक उड़ाने के लिए सुषमा अंधारे के खिलाफ राज्य विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस पेश किया। वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने बोरनारे के नोटिस का समर्थन किया।
भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सदस्यों के नाम जल्द घोषित करने का आग्रह किया। पीठासीन अधिकारी संजय केलकर ने कहा कि अध्यक्ष राहुल नार्वेकर नोटिस पर निर्णय लेंगे।
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सोशल मीडिया प्रभारी राहुल कनाल ने बुधवार को आरोप लगाया था कि कामरा और शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत की विचारधारा समान है।
कनाल ने संवाददाताओं से कहा कि शिवसेना नेता संजय राउत और कुणाल कामरा का डीएनए एक है। एक उमर खालिद का समर्थन करता है, जबकि दूसरा औरंगजेब का। उन्होंने कामरा के पैरोडी शो को लेकर उठे विवाद के समय पर सवाल उठाया। कनाल ने दावा किया, कामरा का विवादित शो तीन जनवरी को रिकॉर्ड किया गया था। शो को संपादित करने में उन्हें 75 दिन क्यों लगे? हर कोई जानता है कि संपादन के लिए अब इतने समय की जरूरत नहीं है।
कनाल ने यह भी दावा किया कि कामरा ने उनसे संपर्क किया और कहा कि वह कानून का सामना करेंगे। उन्होंने कहा कि इस देश में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। कानून के सामने पेश होने के लिए उन्हें मुंबई आना होगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार कामरा को एक सप्ताह के भीतर अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
भाषा Edited by: Sudhir Sharma