Wed, 22 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Indo-pak love story

पाकिस्तानी ने भारतीय प्रेमिका से किया विवाह, अब वापस जाना होगा

Indo-pak love story
अटारी, पंजाब। उसे भारत की एक लड़की से प्यार हो गया और वह उससे शादी करने के लिए यहां चला आया। दोनो ने शादी की और उनका एक बच्चा भी हुआ तो लगा जैसे उनके सारे ख्याब पूरे हो गए, लेकिन कहानी का दुखद अंत यह है कि युवक को अब उसके देश पाकिस्तान वापिस भेजा जा रहा है।
 
31 वर्षीय अकबर दुरानी की कहानी किसी फिल्म की कहानी जैसी है। यह पांच वर्ष की एक दुख भरी कहानी है। पाकिस्तान के हैदराबाद स्थित ओखरी निवासी दुरानी को वीजा नियमों का उल्लंघन करते हुए निर्धारित अवधि से अधिक समय तक भारत में रहने के लिए स्वदेश भेजने के वास्ते मध्य प्रदेश से यहां लाया गया है।
 
दुरानी ने अपनी दुख भरी कहानी सुनाते हुए बताया कि वह 2011 में मध्य प्रदेश के देवास की रहने वाली सोफिया से फेसबुक और स्काइप के जरिए सम्पर्क में आया था। उसने कहा कि 2013 में देवास में हमारा विवाह हो गया और एक वर्ष बाद हमें एक लड़का हुआ। उसके अनुसार चूंकि वह एक पर्यटन वीजा पर भारत आया था उसने दीर्घकालिक वीजा के लिए एफआरआरओ से सम्पर्क किया और उसे अर्जी देने के लिए कहा गया।
 
अगस्त 2015 में एक अदालत ने वीजा नियमों का उल्लंघन करके भारत में अधिक समय रहने के लिए उसे एक वर्ष की सजा सुनायी। आठ अगस्त 2016 को मुझे जेल से रिहा किया गया और पाकिस्तान उच्चायोग से यात्रा दस्तावेज के लिए एक पुलिस थाने में रखा गया। इसमें छह महीने से अधिक का समय लग गया। 
 
दुरानी ने कहा कि प्रेम कहानी का दुखद हिस्सा यह है कि मेरी पत्नी और बच्चे को मेरे साथ पाकिस्तान जाने की इजाजत नहीं दी गई है। वह इसको लेकर भी आश्वस्त नहीं कि पाकिस्तानी उच्चायोग उसकी पत्नी और दो वर्षीय पुत्र अरीज के लिए वीजा जारी करेगा या नहीं। (भाषा)