1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Gurmeet Ram Rahim's parole ends, returns to Sunaria Jail

Gurmeet Ram Rahim : गुरमीत राम रहीम की पैरोल खत्म, सुनारिया जेल में हुई वापसी

Gurmeet Ram Rahim
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह (Gurmeet Ram Rahim) 40 दिन की पैरोल अवधि पूरी होने के बाद शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा के साथ हरियाणा की सुनारिया जेल के लिए रवाना हो गया। राम रहीम ने अपनी पैरोल के दौरान 40 दिनों में 300 से ज्यादा सत्संग किए। डेरा प्रमुख ने गुरुवार की देर रात एक नया भजन भी लांच किया। वह 15 अक्टूबर को 40 दिन की पैरोल पर आश्रम आया था।

खबरों के अनुसार, गुरमीत राम रहीम सिंह की 40 दिन की पैरोल अवधि पूरी होने के बाद आज बिनौली व हरियाणा पुलिस उसे लेकर सुनारिया जेल के लिए रवाना हो गई। बरनावा आश्रम से रवाना हुआ राम रहीम का काफिला शाम 5 बजे जेल पहुंच गया। पैरोल के दौरान राम रहीम ने प्रेमियों के सवालों के जवाब भी दिए। हालांकि जेल के अनुभव पर पूछे सवाल से वह असहज हो गया।

राम रहीम की जेल वापसी को लेकर हनीप्रीत भावुक हो गईं, जिस पर डेरा प्रमुख ने उसे चुप करवाया। जेल रवाना होने से पहले डेरा प्रमुख ने तीसरा भजन लांच किया। उसके जाते ही अनुयायी भी अपने घरों को जाने लगे। देखते ही देखते डेरा भी वीरान होने लगा।

हरियाणा के जिला रोहतक की सुनारिया जेल से डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह 15 अक्टूबर को 40 दिन के पैरोल पर हनीप्रीत के साथ बरनावा के शाह सतनाम डेरा सच्चा सौदा आश्रम आया था। 3 दिन पहले उसके स्वजन भी विदेश से आश्रम में आए हुए थे।
Edited By : Chetan Gour
अगला लेख
कबाड़ में बदले जाएंगे 15 साल पुराने सरकारी वाहन