पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से सटे पाटा गांव में बीते रविवार को तेंदुआ 8 वर्षीय मासूम मानसी को उठाकर ले गया था। सोमवार सुबह घर से 100 मीटर की दूरी पर वन विभाग को उसका शव मिला था। बुधवार को वन विभाग ने बच्ची को मारने वाले तेंदुए को आदमखोर घोषित कर दिया है। क्षेत्र में दूसरा पिंजरा भी लगाया गया है। घटना के बाद से लोगों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश था। डीएफओ डॉ. विनय भार्गव ने बताया कि पाटा में मासूम बच्ची को मारने वाला तेंदुआ आदमखोर घोषित कर दिया गया है। जल्द ही शिकारी को बुलाया जाएगा। क्षेत्र में 8 वनकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं। तेंदुए के आतंक को देखते हुए प्रशासन ने नाइट कर्फ्यू लगाया है। ऐसे में लोग घरों में ही रहें और समय से बाजार से अपने काम कर घर लौट जाएं।
उन्होंने बताया कि 20 सितंबर को वन विभाग ने पाटा क्षेत्र में पिंजरा लगाया था जिसमें एक तेंदुआ कैद हुआ था। मगर तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए पिंजरा हटाने के बाद लोगों में डर का माहौल बना था। क्षेत्र में एक से अधिक तेंदुए दिखाई दे रहे थे। बजेटी वार्ड के सभासद बसंत कुमार ने मंगलवार को डीएम को पत्र देकर दूसरा पिंजरा लगाने की मांग की थी जिसके बाद वन रेंजर डीसी जोशी के नेतृत्व में वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया है। इधर बुधवार को बजेटी क्षेत्र में तेंदुए ने तड़के एक पालतू कुत्ते को मार डाला।