• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. BP Division, Former Chief Minister, Bihar, theft,
Written By
Last Modified: शनिवार, 15 सितम्बर 2018 (19:00 IST)

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के घर से 5 लाख रुपए के आभूषण व 50 हजार रुपए की नकदी चोरी

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के घर से 5 लाख रुपए के आभूषण व 50 हजार रुपए की नकदी चोरी - BP Division, Former Chief Minister, Bihar, theft,
मधेपुरा। बिहार के मधेपुरा में शुक्रवार की रात को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीपी मंडल के घर से चोरों ने 5 लाख रुपए के आभूषण, 50 हजार रुपए की नकदी और अन्य मूल्यवान वस्तुएं चुरा लीं। पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई करते हुए 3 चोरों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से चोरी किए गए 80 प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं।
 
 
पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे मनिंदर कुमार मंडल ने बताया कि चोर शुक्रवार की रात आभूषणों और नकदी के अलावा लैपटॉप, मोबाइल, कपड़े व बर्तन जैसी वस्तुएं भी ले गए। इस घटना के समय परिवार के सदस्य मधेपुरा जिले के अपने पैतृक गांव मुरहो गए हुए थे। यह घटना मधेपुरा के सदर पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित पूर्व मुख्यमंत्री बीपी मंडल के घर पर हुई।
 
मंडल 1968 में 30 दिन की संक्षिप्त अवधि तक मुख्यमंत्री रहे थे। उन्होंने मंडल आयोग की अध्यक्षता की थी जिसने ओबीसी के लिए नौकरियों में आरक्षण की सिफारिश की थी। उनका 1982 में निधन हुआ था। मनिंदर मंडल ने बताया कि उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।
 
शनिवार सुबह मौके का निरीक्षण करने वाले पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में एक उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं तथा मधेपुरा के तापरा टोला क्षेत्र से 3 चोरों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से चोरी के 80 प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अन्य उन लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है जिनके नाम गिरफ्तार चोरों ने बताए हैं। (भाषा)
ये भी पढ़ें
'शिवभक्त' राहुल गांधी करेंगे शिव'राज' के खिलाफ शंखनाद