1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Ballia Muharram procession Uttar Pradesh

बलिया में जुलूस पर पथराव और आगजनी

Ballia
बलिया। उत्तर प्रदेश में बलिया के सिकन्दरपुर कस्बे में आज मोहर्रम जुलूस के दौरान ताजिए में आग लगने के साथ ही पथराव और आगजनी की घटना हुई।  जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम ने बताया कि सिकन्दरपुर कस्बे में अपरान्ह मोहर्रम जुलूस के दौरान शरारती तत्वों ने ताजिए में आग लगा दी। 
 
इसके बाद पथराव और आगजनी की घटना हुई, जिसमें तीन मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गई और एक मकान में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। 
      
सूत्रों के अनुसार इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं। हालांकि, जिलाधिकारी ने किसी के घायल होने से इंकार किया है। मंडलायुक्त के रविन्द्र नायक, पुलिस उप निरीक्षक विजय भूषण, जिलाधिकारी सुरेंद्र विक्रम, पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार समेत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर हैं। 
      
पुलिस उप महानिरीक्षक विजय भूषण ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। इसके पूर्व सिकन्दरपुर कस्बे में कल रात बच्चों के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया था। दो सम्प्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए थे। मारपीट और पथराव भी हुआ।
 
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। मौके पर पुलिस व पीएसी तैनात की गयी है। उन्होंने स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है। (वार्ता)