1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Assam News: AIUDF MLA arrested for attacking BJP worker

असम में भाजपा कार्यकर्ता पर हमला, AIUDF विधायक गिरफ्तार

Assam News
Assam crime news : असम के हैलाकांडी जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने AIUDF के विधायक निजाम उद्दीन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। चौधरी पर पुलिस कर्मियों को उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने से रोकने का आरोप है।
 
हैलाकांडी की पुलिस अधीक्षक लीना डोली ने बताया कि भाजपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के सदस्य अताउर रहमान लस्कर ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के अल्गापुर से विधायक चौधरी और तीन अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि इन्होंने पंचग्राम में ढोलेश्वरी प्वाइंट के पास बुधवार को उन पर हमला किया, जिसके बाद वह कटाखल चौकी पहुंचे।
 
उन्होंने बताया कि विधायक तथा उनके समर्थकों ने लस्कर का पुलिस चौकी तक पीछा किया, उनके वाहन में तोड़फोड़ की और पुलिस कर्मियों को उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने से रोका।
 
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लस्कर को चोटें आईं हैं। लस्कर का आरोप है कि उनकी सोने की चेन और 10,000 रुपए नगद भी चौधरी के साथियों ने छीन लिए।
 
पुलिस ने हमला करने और पुलिस कर्मियों को उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने से गलत तरीके से रोकने के लिए भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 
हालांकि, चौधरी ने आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि वह इस घटना में शामिल नहीं हैं। चौधरी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से उन्हें फंसाया जा रहा है। उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए बुधवार रात सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। डोली ने बताया कि पुलिस ने अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू किया है। (भाषा)
अगला लेख
बकरीद के अवसर पर बंद रहे BSE और NSE, अब शुक्रवार को होगा कामकाज