• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Arun Shourie hospitalize in Pune hospital
Written By
Last Modified: मंगलवार, 3 दिसंबर 2019 (21:22 IST)

अरुण शौरी पुणे के अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य में तेजी से सुधार

अरुण शौरी पुणे के अस्पताल में भर्ती, स्वास्थ्य में तेजी से सुधार - Arun Shourie hospitalize in Pune hospital
पुणे। पुणे के एक अस्पताल में भर्ती पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। शौरी बेहोश होकर गिर गए थे जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शौरी का इलाज कर रहे एक चिकित्सक ने बताया कि 78 वर्षीय शौरी गहन देखभाल इकाई में निगरानी में हैं।
 
शौरी को रविवार देर रात निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह पुणे से करीब 60 किलोमीटर दूर लवासा लेक सिटी स्थित अपने बंगले के पास सैर के दौरान बेहोश होकर गिर गए थे।
 
चिकित्सक ने कहा कि उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। वह बातचीत कर रहे हैं और उचित तरीके से भोजन कर रहे हैं। गिरने के कारण उन्हें मस्तिष्क में चोट आई। इसमें आंतरिक रक्तस्राव और मस्तिष्क में सूजन शामिल थी।
 
अस्पताल में शौरी का इलाज कर रहे न्यूरोसर्जन सचिन गांधी ने कहा, 'उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। उन पर इलाज का असर हो रहा है और वह हम सभी के साथ बातचीत कर रहे हैं और उचित भोजन ग्रहण कर रहे हैं।'
 
भाजपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य शौरी 1999-2004 के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली तत्कालीन सरकार में केंद्रीय संचार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं विनिवेश मंत्री थे।
 
रमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित शौरी ने 1967- 1978 के दौरान विश्व बैंक के साथ एक अर्थशास्त्री के रूप में भी काम किया है। शौरी 'द इंडियन एक्सप्रेस' के संपादक भी रहे।
 
ये भी पढ़ें
जनवरी से महंगी होंगी मारुति की गाड़ियां, बढ़ सकते हैं इन कंपनियों की कारों के दाम