1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. 3 more bodies recovered in avalanche in Uttarkashi

उत्तरकाशी में हुए हिमस्खलन में 3 और शव बरामद, मृतक संख्या 19 हुई

Uttarkashi
देहरादून। उत्तरकाशी में 3 और लोगों के शव बरामद होने के बाद हिमस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि तलाश अभियान में मदद के लिए भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के 2 हेलीकॉप्टर ने उत्तराखंड के हर्षिल से उड़ान भरी।
 
एनआईएम के पर्वतारोही चढ़ाई के बाद लौटते समय मंगलवार को 17 हजार फीट की ऊंचाई पर द्रौपदी का डांडा-द्वितीय चोटी पर हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे। एनआईएम ने बताया कि जिस जगह पर हिमस्खलन हुआ था, वहां से गुरुवार शाम को 3 और शव बरामद किए गए और अभी तक 19 शव बरामद किए जा चुके हैं।
 
संस्थान के मुताबिक इनमें से 17 शव प्रशिक्षुओं के जबकि 2 शव प्रशिक्षकों के हैं, वहीं 10 प्रशिक्षु अब भी लापता हैं। थलसेना, वायुसेना, एनआईएम, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), हाई ऑल्टिट्यूड वारफेयर स्कूल (जम्मू-कश्मीर), राज्य आपदा मोचन बल और जिला प्रशासन तलाश अभियान में जुटे हैं। यह अभियान मंगलवार को हिमस्खलन के कुछ घंटों बाद शुरू हुआ था।(फ़ाइल चित्र)
 
Edited by: Ravindra Gupta(भाषा)
अगला लेख
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, 8 जिलों में स्कूल बंद