1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राजस्थान
  4. Kamala Shakti Mata's 82nd Annual Fair Festival

कमला शक्ति माता का 82वां विशाल मेला संपन्न, 1008 कलशों से हुआ दुग्धाभिषेक

Kamla Shakti Mata Mela
राजस्थान के जयपुर जिले के किशनगढ़ रेनवाल नगर में अखिल भारतवर्षीय खंडेलवाल वैश्य समाज की कुलदेवी श्री कमला शक्ति माता का 82वां विशाल वार्षिक त्रि-दिवसीय मेला उत्सव मंदिर परिसर में बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम से संपन्न हुआ। इस भव्य मेले में खंडेलवाल समाज के 72 गोत्रों सहित सर्वसमाज (36 कौम) के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले के लिए पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था।
 
कलश यात्रा से हुआ शुभारंभ : उत्सव की शुरुआत नगर की महिलाओं द्वारा बड़े मंदिर से श्री कमला शक्ति माता मंदिर तक निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। मेला प्रबंध समिति के विष्णु रावत और श्याम रावत ने बताया कि मेले के दौरान माता शक्ति का 1008 कलशों से भव्य दुग्धाभिषेक किया गया। साथ ही माता रानी के सम्मुख छप्पन भोग की मनमोहक झांकी सजाई गई। कोलकाता से आए प्रसिद्ध गायक जितेंद्र रावत और राकेश रावत ने माता का संगीतमय मंगल पाठ किया। वहीं, 'जय माता दी इंटरनेशनल ग्रुप' की ओर से प्रस्तुत की गई राधा-कृष्ण की सजीव झांकी ने सभी का मन मोह लिया।
 
इस पावन अवसर पर अखिल भारतवर्षीय खंडेलवाल वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता (तुंगा वाले), मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष संजीव कट्टा, पत्रिका के मुख्य संपादक राम निरंजन खुटेटा, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. रमेश कुमार रावत, सीएआईटी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता और राष्ट्रीय युवा संयोजक शरद फरसोईया आदि ने आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। 
 
राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मप्र, यूपी, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, असम सहित कोलकाता, दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे महानगरों से आए कार्यकारिणी सदस्यों और आजीवन सदस्यों ने माता के दरबार में मत्था टेका और देश-प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की। तीनों दिन मंदिर में महाआरती, भोग, फूल बंगला झांकी और भव्य भजन संध्या (जागरण) का आयोजन चलता रहा, जहां श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें