1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राजस्थान
  4. chomu-ashok-vihar-boring-tap-theft-police-complaint-email-gangtok

चोमू की अशोक विहार कॉलोनी में सरकारी बोरिंग की टोटी दो बार तोड़ी, शिकायत दर्ज

Chomu News
राजस्थान के चोमू कस्बे की अशोक विहार कॉलोनी में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा सरकारी बोरिंग की सार्वजनिक नल की टोटी को दो बार तोड़े जाने का मामला सामने आया है। पेयजल संकट के बीच इस हरकत से कॉलोनीवासियों और स्थानीय मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कॉलोनी निवासी रमेश कुमार रावत ने चोमू थाना पुलिस (एसएचओ हरमेंद्र सिंह) को ईमेल के जरिए शिकायत भेजकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
 
मूल रूप से अशोक विहार निवासी रमेश कुमार रावत वर्तमान में सिक्किम के गैंगटोक में कार्यरत हैं। उन्होंने वहां से चोमू थानाधिकारी को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी और फोन पर भी वार्ता की। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निवेदन किया है।
 
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस सार्वजनिक टोटी से  लोग घरों में पानी भरकर ले जाते हैं, जहां नल कनेक्शन तो हैं, लेकिन जलदाय विभाग को पानी का बिल भुगतान करने के बाद भी घर के नलों में पानी नहीं आता।  इसके अलावा, कॉलोनी के शिवालय में भगवान शंकर के जलाभिषेक, पूजा-अर्चना और मंदिर की साफ-सफाई के लिए भी यही एकमात्र पानी का जरिया था। टोटी टूटने के कारण भगवान के काम और आम जनता की प्यास दोनों प्रभावित हो रही हैं, जिससे लोगों को मजबूरन महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
 
शिकायत के बाद चोमू पुलिस के हेड कांस्टेबल ने मौके पर कांस्टेबल भेजकर जांच करवाई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, लेकिन सरकारी बोरिंग का क्षेत्र कैमरों की जद (कवरेज एरिया) में नहीं होने के कारण फिलहाल असामाजिक तत्वों की पहचान नहीं हो सकी है। 
 
गौरतलब है कि जलदाय विभाग के एईएन सुनील कुमावत के आदेशानुसार जनहित को ध्यान में रखते हुए रमेश कुमार रावत और उनके परिजनों ने अपने निजी खर्च से इस सरकारी बोरिंग में सार्वजनिक टोटी लगवाई थी। कुछ ही दिनों बाद अज्ञात तत्वों ने इसे तोड़ दिया। परिजनों ने दोबारा अपने खर्च पर टोटी लगवाई, जिसे फिर से तोड़ दिया गया। अब जनहित और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रावत परिवार ने तीसरी बार अपने खर्च पर यहां टोटी लगवाई है।
 
इस घटना को लेकर जलदाय विभाग के एईएन सुनील कुमावत ने कहा कि चोमू में कई बोरिंगों पर टोटियां लगी हुई हैं, लेकिन बार-बार टोटी तोड़ने का यह मामला पहली बार सामने आया है। वहीं, अशोक विहार निवासी दिनेश अग्रवाल (खेमा वाला), देवकी नंदन अग्रवाल और 'विराज फाउंडेशन' के प्रदेश अध्यक्ष भुवनेश तिवारी सहित समस्त कॉलोनीवासियों ने इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की है और प्रशासन से आरोपियों को जल्द पकड़ने की मांग की है।