मंगलवार, 18 फ़रवरी 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव
  4. »
  5. राजस्थान
Written By ND
Last Modified: गुरुवार, 6 नवंबर 2008 (00:16 IST)

सीट 200, चाहने वाले 40 हजार

भाजपा में 22 हजार दावेदार, कांग्रेस में भी लगी 15 हजार की कतार

सीट 200, चाहने वाले 40 हजार -
जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस व भाजपा में जिस तरह टिकटों के लिए मारामारी मची है, उसे देखते हुए इस बार रिकॉर्ड संख्या में बागियों के ताल ठोंकने के आसार दिख रहे हैं। हालाँकि प्रदेश भाजपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन यहाँ टिकट चाहने वालों की संख्या 22 हजार का आँकड़ा पार कर गई है। भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा छह नवंबर को जयपुर में होने वाले विजय संकल्प महाकुंभ के बाद करेगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का दावा है कि महाकुंभ में पाँच लाख से ज्यादा लोग भाग लेंगे। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि भाजपा इस महाकुंभ के जरिए अपने उम्मीदवारों की लोकप्रियता का आकलन करना चाहती है, इसलिए टिकट के दावेदार नेताओं ने इस महाकुंभ में ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने की कवायद शुरू कर दी है।

कांग्रेस ने राज्य विधानसभा की 200 में से 146 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस में टिकट के लिए करीब 15 हजार नेताओं ने आवेदन किया था। कांग्रेस की पहली सूची आने के साथ ही विरोध के स्वर भी तेज हो गए हैं।

पिछले एक सप्ताह में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में तीन बार तोड़-फोड़ हो चुकी है। मंगलवार रात कांग्रेस ने जिन 30 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इसे लेकर भी बवाल पैदा हो गया है। तीन बार चुनाव हार चुके पूर्व मंत्री अश्कअली टाँक को किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से टिकट देने के कारण कांग्रेस कार्यकर्ता आहत हैं।

कांग्रेस व भाजपा के अलावा बसपा में भी इस बार टिकट के लिए बड़ी तादाद में आवेदन आए हैं। राज्य में बसपा को इस बार तीसरी ताकत के रूप में देखा जा रहा है। बसपा ने सभी 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उसकी ओर से अभी तक 150 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है।

बसपा के प्रदेशाध्यक्ष डूंगरराम गेदर का दावा है कि चुनाव के बाद राजस्थान में जो भी सरकार बनेगी, उसमें बसपा का अहम रोल होगा। इसके अलावा सपा, माकपा, भाकपा, भाकपा (मार्क्सवादी-लेनिनवादी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, लोजपा और भारतीय जनशक्ति पार्टी ने भी चुनाव में बढ़-चढ़कर दावेदारी का ऐलान किया है। (नईदुनिया ब्यूरो)