1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. पेरिस ओलंपिक 2024
  4. Lovelina Borgohain secures Quarter Final spot in Paris Olympics

आत्मविश्वास से भरी लवलीना क्वार्टर फाइनल में, 5-0 से जीता मुकाबला

Paris Olympics
तोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किलो ) ने बुधवार को यहां ओलंपिक खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा में अपने पहले मुकाबले में नॉर्वे की सुन्निवा होफ्स्टाड को 5 . 0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

लवलीना ने तोक्यो में 69 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता था। वह लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीतने और भारतीय मुक्केबाजी में अभूतपूर्व उपलब्धि अपने नाम करने से महज एक जीत दूर हैं।

हालांकि यह इतना आसान नहीं होगा क्योंकि अब उनका सामना चार अगस्त को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की लि कियान से होगा। इस मुकाबले में जीत से लवलीना का कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो जाएगा।

कियान ने तोक्यो ओलंपिक में 75 किलो वर्ग में रजत पदक जीता था और रियो ओलंपिक 2016 में भी कांस्य पदक अपने नाम किया था। वह हांग्झोउ एशियाड 2022 की स्वर्ण पदक विजेता हैं।
लवलीना ने अपने पहले दौर के मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज से दूरी बनाकर जवाबी हमला किया जबकि नार्वे की खिलाड़ी उन्हें पकड़कर समय बर्बाद करने की कोशिश में दिख रही थी।पर भारतीय मुक्केबाज ने संयम बनाये रखा और सटीक मुक्के जड़कर अंक जुटाये।

लवलीना को मुश्किल ड्रॉ मिला है। लेकिन इस चुस्त मुक्केबाज ने हमेशा की तरह चुनौतीपूर्ण मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की क्षमता जारी रखी जैसी उन्होंने तोक्यो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में विश्व चैंपियन चेन निएन चिन को हराकर कांस्य पदक हासिल करके दिखाई थी।(भाषा)
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
ओलंपिक के अंतिम 16 में पहुंचने वाली श्रीजा अकुला बनी दूसरी भारतीय महिला TT खिलाड़ी