ट्रंप भारतीय मूल की अमेरिकी को करेंगे नियुक्त
Publish Date: Fri, 8 Sep 2017 (20:50 IST)
Updated Date: Fri, 8 Sep 2017 (20:55 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक मनीषा सिंह को अमेरिका के विदेश विभाग में एक प्रमुख प्रशासनिक पद पर नामांकित करने की मंशा जाहिर की है। यदि वे इस पद पर नियुक्त होती हैं तो वे आर्थिक कूटनीति की प्रभारी बनेंगी।
वे वर्तमान में सीनेटर डॉन सुलीवन की चीफ काउंसलर एवं वरिष्ठ नीति सलाहकार हैं और यदि सीनेट मनीषा के नाम की पुष्टि करता है, तो वे आर्थिक मामलों में सहायक विदेश मंत्री का पदभार संभालेंगी। इससे पहले चार्ल्स रिवकिन इस पद पर नियुक्त थे। रिवकिन ने अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति के रूप में ट्रंप के शपथ ग्रहण के बाद जनवरी में त्यागपत्र दे दिया था। यह पद तब से रिक्त है।
अमेरिका के फ्लोरिडा में रहने वाली 45 वर्षीय मनीषा 'ब्यूरो ऑफ इकॉनॉमिक, एनर्जीं एवं बिजनेस अफेयर्स' की प्रभारी उपमंत्री और सीनेट की विदेशी मामलों की समिति की वरिष्ठ सहयोगी के रूप में काम कर चुकी हैं।
उन्होंने अमेरिकन यूनिवर्सिटी वॉशिंगटन कॉलेज ऑफ लॉ से अंतरराष्ट्रीय कानूनी अध्ययन में एलएलएम की डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा कॉलेज ऑफ लॉ से जेडी किया। उन्होंने 19 साल की उम्र में यूनिवर्सिटी ऑफ मियामी से स्नातक की डिग्री हासिल की थी।
उनके पास फ्लोरिडा, पेनसिल्वेनिया और कोलंबिया में वकालत करने का लाइसेंस है। सिंह का रिश्ता उत्तरप्रदेश से था। वे बचपन में ही अपने माता-पिता के साथ फ्लोरिडा आ गई थीं। (भाषा)