मिआक महोत्सव में रहमान सम्मानित
सीमा बिस्वास को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार
PR
न्यूयॉर्क में आयोजित 10वें ‘मिआक’ महोत्सव में मराठी फिल्म ‘विहिर’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म घोषित किया गया। सीमा बिस्वास को जहाँ सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला, वहीं एआर रहमान को भारतीय संगीत को वैश्विक स्तर पर लोकप्रियता दिलाने के लिए सम्मानित किया गया।
हालाँकि उनकी अनुपस्थिति में फिल्मकार मणिरत्नम ने यह खिताब स्वीकार किया। इस फिल्म महोत्सव में फीचर फिल्म, वृत्तचित्र और लघु फिल्मों को शामिल किया जाता है जो भारतीय उपमहाद्वीप से संबंधित होती हैं।
सीमा बिस्वास को ‘कुकिंग विद स्टेला’ में भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के तमगे से नवाजा गया, जबकि अजय नायडू को उनके ही द्वारा निर्देशित फिल्म ‘एसेज’ में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के तौर पर सम्मानित किया गया।
संगीता पद्मनाभन की मलयालम फिल्म ‘चारुलता द सीक्वेल’ को लघु फिल्मों की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का खिताब मिला। श्रीनिवास कृष्णा के वृत्तचित्र ‘गणेश बॉय वंडर’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री के रूप में नवाजा गया।
दीप्ति नवल, रितुपर्णो घोष और रायमा सेन अभिनीत संजय नाग की ‘मेमोरीज इन मार्च’ को सर्वश्रेष्ठ पटकथा के लिए पुरस्कार मिला। निर्देशक जोड़ी कृष्णा डीके और राज निदिमोरु को फिल्म ‘शोर’ में उनके निर्देशन के लिए पुरस्कार मिला। (भाषा)

