1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई सिनेमा

भारतीय फिल्मों का समारोह पोलैंड में

आमिर खान
ND

भारतीय फिल्मों की धूम अनेक देशों में है। अब तो भारतीय भी सारी दुनिया में फैल गए हैं और जहाँ-जहाँ भारतीय रहते हैं वहाँ-वहाँ भारतीय फिल्मों की पहुँच आसान हो जाती है। इसके अलावा भी दुनिया के कई देशों में हिन्दुस्तानी फिल्में बड़े शौक से देखी जाती हैं। ऐसा ही देश पोलैंड है, जहाँ भारतीय फिल्मों का समारोह होने जा रहा है।

इस समारोह का आयोजन इंडो-पोलिश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से किया जा रहा है, जिसके तहत पोलैंड के छोटे-बड़े 12 शहरों में फिल्मों की नुमाइश होगी। एक सप्ताह तक चलने वाले इस समारोह में हाल की कुछ चर्चित फिल्में दिखाई जाएँगी।

इनमें आमिर खान की फिल्म 'तारे जमीं पर', शाहरुख खान अभिनीत 'रब ने बना दी जोड़ी', तरुण मनसुखानी द्वारा निर्देशित 'दोस्ताना', जॉन जेफकॉट की 'आउटसोर्स्ड', अतुल अग्निहोत्री की 'हैलो' तथा विजय कृष्ण आचार्य की फिल्म 'टशन' शामिल है। जानने योग्य बात यह है कि पोलैंड में वैसे भी भारतीय फिल्में पसंद की जाती हैं।

भारत-पोलैंड के बीच काम करने वाली संस्था के एक पदाधिकारी बताते हैं कि शाहरुख खान पोलैंड का जाना-पहचाना चेहरा हैं और उनकी सारी लोकप्रिय फिल्में वहाँ प्रदर्शित हो चुकी हैं। इन लोगों का अनुमान है कि अब यही कमाल आमिर खान की फिल्म 'तारे जमीं पर' कर सकती है, जिसका वहाँ के दर्शक इंतजार कर रहे हैं।