1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई सिनेमा

कैसे अपनाया जूलिया ने हिंदू धर्म

साल भर पुरानी है जूलिया की आसक्ति

हॉलीवुड सुपर स्टार
- फतह सिंह उजाला

ND
कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी, सदियों से रहा है दुश्मन दौर-ए-जहाँ हमारा...! इन पंक्तियों के पीछे भारत देश के धर्म गुरू होने का गहरा छिपा है। यही वजह रही कि 11 महीने पहले सात समंदर पार करके भारत आकर हॉलीवुड की ऑस्कर अवार्ड विजेता अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स ने भारत की संस्कृति से प्रेरित होकर हिंदू धर्म के अनुरूप अपने बच्चों हेजल, फिनाइयूअस और हेनरी के नाम विधिवत रूप से बदलकर क्रमशः महालक्ष्मी, गणेश और कृष्णबलराम रखने की पहल की।

वस्तुतः बच्चों का नाम परिवर्तन किया जाना ही ऑस्कर अवार्ड विजेता जूलिया रॉबर्ट्स के धर्म परिवर्तन की शुरूआत थी। अब ग्यारह माह बाद स्वयं जूलिया ने घोषणा कर दी है कि उसने हिंदू धर्म अपना लिया है।

16 सितंबर 2009 से 8 अक्टूबर 2009 तक भारत में एलिजाबेथ की जीवनी पर आधारित फिल्म ईट-प्रे-लव की शूटिंग के लिए आई थी। इसी दौरान फिल्म की अधिकांश शूटिंग पटौदी स्थित आश्रम हरि मंदिर संस्कृत महाविद्यालय के प्रांगण, हेलीमंडी अनाजमंडी और गाँव मिर्जापुर में हुई थी।

ND
आश्रम हरि मंदिर संस्कृत महाविद्यालय के प्रांगण में फिल्म की जरूरत के मुताबिक विशेष रूप से सैट तैयार किए गए थे। इसी दौरान शिक्षण संस्था के माहौल से आकर्षित हुई जूलिया ने संचालक स्वामी धर्मदेव महाराज से मिलने की इच्छा जाहिर की।

उसकी यह अभिलाषा 24 सितंबर 2009 को पूरी हुई, जब स्वामी धर्मदेव और जूलिया के बीच दोनों देशों की संस्कृति को लेकर चर्चा हुई तो जूलिया भारतीय संस्कृति, योग साधना और धार्मिक विचारधारा की कायल हो गई। बातचीत के दौरान महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव ने कहा कि एलिजाबेथ की जीवनी पर अभिनय करने के साथ-साथ एलिजाबेथ के जीवन आदर्श को अपने जीवन में आत्मसात करें।

महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज के कहे गए इन शब्दों ने विश्व विख्यात ऑस्कर अवार्ड विजेता हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स की जीवन विचारधारा को नई दिशा देने का काम किया। महामंडलेश्वर धर्मदेव महाराज ने जूलिया के हिंदू धर्म अपनाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में साधू-संत के कहे शब्दों को ही विधिविधान मान लेते हैं। करीब वर्ष भर पहले जूलिया से हुई मुलाकात में कहा था कि फिल्म में जिस चरित्र का अभिनय वह कर रही है, भारत से उसकी निशानी लेकर जाना ही यहाँ आना और चरित्र को जीना सार्थक होगा।

24 सितंबर 2009 को जूलिया रॉबर्ट्स ने अपने तीनों बच्चों के हाथों पर मौली बँधवाई, तिलक लगवाया और संकल्प के साथ बच्चों के नाम महालक्ष्मी, गणेश और कृष्णबलराम रखे। महामंडलेश्वर धर्मदेव ने कहा कि भारतीय धर्म संस्कृति और आध्यात्मिक शांति से अभिभूत होकर आज भी दुनिया के कोने-कोने से लोग यहाँ मन की शांति के लिए आ रहे हैं। यही भारत की सबसे बड़ी आध्यात्मिक शक्ति है।