1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Who Is Tejasvi Ghosalkar Mumbais Potential Mayor
Last Updated :मुंबई , शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 (19:30 IST)

कौन हैं तेजस्वी घोसालकर, मुंबई की संभावित मेयर जिन्होंने 2024 में पति अभिषेक की हत्या की त्रासदी झेली

Who Is Tejasvi Ghosalkar
Who Is Tejasvi Ghosalkar: बृहन्मुंबई महानगरपालिका के चुनाव में पहली बार भाजपा ने जीत दर्ज की है। इसके साथ ही यह भी तय हो गया है कि मुंबई का मेयर भाजपा का ही होगा। इस पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं, लेकिन सबसे ऊपर तेजस्वी घोसालकर का नाम है। तेजस्वी निकाय चुनाव से मात्र एक महीने पहले ही शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। मुंबई के दहिसर वार्ड नंबर-2 से जीत हासिल की है। 
 

कौन हैं तेजस्वी घोसालकर

तेजस्वी ने 2017 के बीएमसी चुनाव में शिवसेना के टिकट पर वार्ड नंबर-1 से जीत हासिल की थी। इसके बाद से वे लगातार राजनीति में सक्रिय रही हैं। तेजस्वी ने वार्ड नंबर-2 से शिवसेना (UBT) की उम्मीदवार धनश्री कोलगे के खिलाफ 10 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। शिवसेना छोड़ते समय तेजस्वी ने कहा था कि वह अपने पति की हत्या की जांच (CBI द्वारा) में तेजी लाने और विकास के लिए भाजपा में शामिल हुई हैं। इस समय वे भाजपा की सबसे बड़ी 'पोस्टर गर्ल' के रूप में उभरी हैं। सबसे बड़ी बात जो उनके पक्ष में जाती है, वह यह है कि उनकी मदद से भाजपा उद्धव ठाकरे के गढ़ में सेंध लगाने में सफल रही है। तेजस्वी युवा हैं और शिक्षित भी हैं। वे मुख्‍यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के 'हिन्दू-मराठी' फॉर्मूले पर भी फिट बैठती हैं। 
 
तेजस्वी एक IT प्रोफेशनल हैं और ग्रेजुएट हैं। तेजस्वी का विवाह 14 फरवरी, 2013 को अभिषेक घोसालकर से हुआ था। वह BMC में स्वास्थ्य समिति और महिला एवं बाल कल्याण समिति की सदस्य रह चुकी हैं। 2026 के निकाय चुनावों के दौरान वह कई बार अपने पति को याद कर भावुक भी हुईं। उनकी इस जीत को न केवल उनकी राजनीतिक साख बल्कि जनता की सहानुभूति और उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों के परिणाम के रूप में भी देखा जा रहा है।
 

क्या कहा था मुख्‍यमंत्री फडणवीस ने

दरअसल, चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बेहद प्रभावशाली और रणनीतिक बयान दिया था। उन्होंने कहा था- मुंबई का अगला मेयर हिंदू और मराठी होगा। मुख्‍यमंत्री के मुताबिक स्थानीय पहचान और क्षेत्रीय गौरव को बढ़ावा देना कोई संकीर्ण राजनीति नहीं बल्कि संवैधानिक अधिकार है। तेजस्वी के अलावा प्रकाश दरेकर, प्रभाकर शिंदे, मकरंद नार्वेकर और राजश्री शिरवाडकर के नाम भी मेयर के लिए रहे हैं। 
 

2024 में हुई थी पति की हत्या

तेजस्वी के पति और मुंबई केन्द्रीय सहकारी बैंक के तत्कालीन निदेशक और पूर्व पार्षद अभिषेक घोसालकर की 8 फरवरी, 2024 की शाम फुसबुक लाइव के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अभिषेक और उनके पुराने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मॉरिस नोरोन्हा (जिसे 'मॉरिस भाई' के नाम से जाना जाता था) एक साथ फेसबुक लाइव कर रहे थे ताकि वे अपने बीच के मतभेदों को खत्म करने और साथ काम करने का संदेश दे सकें। हत्या के आरोपी मॉरिस नोरोन्हा ने भी बाद में आत्महत्या कर ली थी। इस कांड ने महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल ला दिया था। इसके बाद तेजस्वी को सहकारी बैंक के निदेशक मंडल में शामिल किया गया था। इस बैंक पर प्रवीण दरेकर का प्रभाव माना जाता है। तेजस्वी के ससुर विनोद घोसालकर भी शिवसेना से विधायक रह चुके हैं। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
Rahul Gandhi Indore Visit : राहुल गांधी को नहीं मिली सम्मेलन की अनुमति, क्या बोली कांग्रेस