1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Where is Sonam Raghuvanshi, CM Yadav requested a CBI inquiry

कहां है सोनम रघुवंशी? CM मोहन यादव ने किया CBI जांच का अनुरोध

Indore Raja Raghuvanshi case
Indore Raja Raghuvanshi case: मेघालय में ‘हनीमून’ के दौरान 15 दिन पहले लापता हुई 25 वर्षीय महिला सोनम रघुवंशी के परिवार ने पूर्वोत्तर राज्य की पुलिस जांच पर खुलकर असंतोष जताया। इस बीच, मध्य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेघालय के मुख्यमंत्री से सोनम रघुवंशी की सुरक्षित वापसी के लिए बात की। उन्होंने कहा कि सोनम की सुरक्षित वापसी के लिए सभी संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने इस मामले में सीबीआई जांच का अनुरोध किया है। 
 
अनहोनी की आशंकाओं से जूझते हुए एक-एक पल बिता रहे परिवार ने केंद्र सरकार से इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को बिना किसी देरी के सौंपने की मांग की। अधिकारियों ने बताया कि मेघालय में ‘हनीमून’ मनाने गए इंदौर निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी (29) और उनकी 25 वर्षीय पत्नी सोनम 23 मई को लापता हो गए थे। ALSO READ: एक से ज्‍यादा लोगों ने मिलकर मारा राजा को, शिलांग में जो जैकेट मिला उसकी होगी फोरेंसिक जांच
 
परिजनों को अपहरण का शक : उन्होंने बताया कि राजा रघुवंशी का शव दो जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला, जबकि उनकी पत्नी की तलाश जारी है। सोनम के पिता देवी सिंह रघुवंशी ने कहा कि उन्हें लगता है कि उनकी बेटी का मेघालय में अपहरण किया गया है और वह अब भी अपहर्ताओं के चंगुल में है। ALSO READ: राजा सोनम हादसे के बाद इंदौर ले रहा सबक, अब सभी पर्यटन स्थलों पर CCTV, ऐसे रहेगी क्राइम पर नजर
 
उन्होंने कहा कि मेघालय पुलिस ठीक से जांच नहीं कर रही है। मेघालय पुलिस ने शुरुआत से ही जांच में लापरवाही बरती है। रघुवंशी ने कहा कि राजा और सोनम के लापता होने के बाद से उनका परिवार मांग कर रहा है कि इस नवविवाहित जोड़े की खोज में सेना की मदद ली जानी चाहिए थी।
 
गृहमंत्री अमित शाह से आग्रह : उन्होंने कहा कि अगर सेना को खोज अभियान में समय रहते शामिल कर लिया जाता, तो मुझे मेरी बेटी और दामाद सुरक्षित मिल सकते थे। रघुवंशी ने कहा कि मेरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हाथ जोड़कर निवेदन है कि वे दो दिन के भीतर सीबीआई को जांच के लिए मेघालय भेजें। वरना हम अपने दामाद की तरह अपनी बेटी को भी खो देंगे। पखवाड़े भर से लापता सोनम के सुराग के लिए उनका परेशान परिवार अब टोने-टोटके का सहारा भी ले रहा है।
 
रघुवंशी ने बताया कि उन्होंने एक ज्योतिषी की सलाह पर घर के मुख्य द्वार पर अपनी बेटी सोनम की तस्वीर को इस उम्मीद में उल्टा लटका कर रखा है कि उसका कोई न कोई सुराग जरूर मिलेगा। राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा था। राजा की सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को ‘हनीमून’ मनाने के लिए मेघालय के लिए रवाना हुए थे।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
रूस ने अंतरिक्ष स्टेशन से यान प्रक्षेपित करने संबंधी तकनीक का कराया पेटेंट, जानें क्या होगा लाभ