1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update 11 june : heat and rain alert

Weather Update : इन राज्यों में बारिश की संभावना, यहां 5 दिन लू का अलर्ट

IMD weather update
Weather Update 11 june : उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में भीषण गर्मी का एक और दौर शुरू हो गया है और अगले 5 दिन के दौरान तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने का अनुमान है। इधर महाराष्‍ट्र समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है।
 
इन राज्यों में भीषण गर्मी : आईएमडी ने एक बयान में कहा, अगले पांच दिन के दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। 
 
‍इन राज्यों में बरसा पानी : पिछले 24 घंटों के दौरान, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, लक्षद्वीप, तेलंगाना, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और गुजरात में कई स्थानों पर बारिश हुई।
 
मुंबई में भारी बारिश : महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सोमवार को शाम सात बजे के बाद भारी बारिश हुई जबकि सुबह तक 24 घंटे की अवधि में 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। शाम को भारी बारिश के कारण कहीं भी भारी जलभराव की कोई सूचना नहीं है।
 
बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि शाम सात बजे से रात नौ बजे के बीच राओली कैंप में 35 मिलीमीटर, बी नदकरनी पार्क में 27 मिलीमीटर, वडाला इलाके में 24 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान शहर के पूर्वी हिस्से में चेंबूर के एक इलाके में 52 मिमी, कलेक्टर कॉलोनी में 43 मिमी और वैभव नगर में 22 मिमी बारिश दर्ज की गई।
 
आईएमडी के अनुसार, महाराष्ट्र तट पर अनुकूल परिस्थितियों के कारण मानसून सामान्य समय से दो दिन पहले रविवार को मुंबई पहुंच गया।
 
दिल्ली में लू का अलर्ट : राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के लिए सामान्य है। मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि दिल्ली में कई जगहों पर गर्म हवाएं चलेंगी और कहीं-कहीं धूल भरी आंधी भी चल सकती है। 
 
आज कैसा रहेगा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, दक्षिण कोंकण गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तटीय कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
 
सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, दक्षिण गुजरात, मध्य प्रदेश, दक्षिण गुजरात और दक्षिण-पूर्व राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।
Edited by : Nrapendra Gupta 
Photo courtesy : IMD Meteorological department 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
जल धरोहरों को सहेजना एवं संवारना हम सभी का दायित्व : CM डॉ. मोहन यादव