मंगलवार, 19 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Weather Update: 100 years record of rain broken in Rajasthan, heat wave in bihar
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 2 जून 2023 (10:37 IST)

Weather Update : राजस्थान में बारिश ने तोड़ा 100 साल का रिकॉर्ड, लू की चपेट में बिहार

Weather Update : राजस्थान में बारिश ने तोड़ा 100 साल का रिकॉर्ड, लू की चपेट में बिहार - Weather Update: 100 years record of rain broken in Rajasthan, heat wave in bihar
Weather Update : देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान, हरियाणा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश हुई। मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भी बरसात हुई। पश्चिमी हिमालय के ऊपरी इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश और कुछ जगहों पर बर्फबारी हुई। मई में राजस्थान में बारिश ने 100 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वही बिहार में इन दिनों लू चल रही है। 
 
मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहा है। एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब पर बना हुआ है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों पर बना हुआ है।
 
राजस्‍थान में बारिश ने तोड़ा 100 साल का रिकॉर्ड : मौसम विभाग के अनुसार, राजस्‍थान में मई में रिकॉर्ड 62.4 मिलीमीटर बारिश हुई जो रेगिस्तानी राज्‍य में इस महीने की यह बीते 100 साल की सबसे अधिक बारिश है। मई में अब तक सर्वाधिक बारिश 1917 में 71.9 मिलीमीटर हुई थी। विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कही पर भारी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन, वज्रपात, तेज झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई
 
विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के जिलों में बारिश हुई। 3 और 4 जून को एक बार पुनः आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी तथा बीकानेर, जयपुर, अजमेर एवं भरतपुर संभाग के जिलों में तेज मेघगर्जन, तेज अंधड़ एवं तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है।
 
हरियाणा, पंजाब में बारिश का दौर जारी : हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में फिर बारिश हुई, जिससे न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से नीचे बना रहा। बीते 24 घंटों में चंडीगढ़, अंबाला, हिसार, नारनौल, रोहतक, भिवानी, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, पंचकुला, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा, फरीदकोट, गुरदासपुर, मोहाली और रूपनगर में बारिश हुई है।
 
मल्कानगिरी में तूफान : ओडिशा के मल्कानगिरी जिले में गुरुवार शाम को बारिश तथा गरज के साथ तेज हवाओं ने कहर बरपाया जिससे कम से कम 2 लोग लापता हो गए और 5 अन्य घायल हो गए। करीब 15 मिनट तक तेज हवाओं ने जिले में काफी नुकसान पहुंचाया।
 
बिहार में 13 स्थानों पर पारा 40 पार : बिहार के लोगों को लू से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। खगड़िया जिले में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही राज्य में कम से कम 13 स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी एक बुलेटिन के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों में राज्य में लू की स्थिति बने रहने की संभावना है।
 
भागलपुर जिले में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया में 41 डिग्री सेल्सियस, पश्चिम चंपारण में 41 डिग्री सेल्सियस, पूर्वी चंपारण में 41.5 डिग्री सेल्सियस, शेखपुरा में 41.2 डिग्री सेल्सियस और सीवान में 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बिहार में 40 डिग्री सेल्सियस या अधिक तापमान दर्ज करने वाले अन्य शहरों में पटना (40.9 डिग्री सेल्सियस), गया (40.8 डिग्री सेल्सियस), सारण (40.3 डिग्री सेल्सियस), अररिया (40.2 डिग्री सेल्सियस), डेहरी (40 डिग्री सेल्सियस), जमुई (40.7 डिग्री सेल्सियस), भोजपुर (40.1 डिग्री सेल्सियस), औरंगाबाद (40.5 डिग्री सेल्सियस), बांका (40.9 डिग्री सेल्सियस), कटिहार (40 डिग्री सेल्सियस), नवादा (40.8 डिग्री सेल्सियस) और नालंदा (40.5 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं।
ये भी पढ़ें
छत्तीसगढ़ में हनुमान जी पर सियासत, कांग्रेस भी राम की भक्ति में लीन