• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. weather changed again
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , शुक्रवार, 8 दिसंबर 2023 (09:32 IST)

Weather Update: बर्फबारी से राज्यों में बढ़ी सर्दी, कश्मीर घाटी में पारा शून्य से 2 डिग्री नीचे

Weather Update: बर्फबारी से राज्यों में बढ़ी सर्दी, कश्मीर घाटी में पारा शून्य से 2 डिग्री नीचे - weather changed again
Weather Update: देश में मौसम (Weather) का मिजाज नित्य प्रति बदलाव देखने में आ रहा है। बारिश ने जहां  उत्तर भारत (North India) के कुछ राज्यों में सर्दी बढ़ा दी है, वहीं पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो रही है। कश्मीर घाटी में ठंड बढ़ने के कारण न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। चेन्नई में वर्षा का दौर जारी  है।
 
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार आज शुक्रवार से दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश का एक नया दौर शुरू होगा। केरल और माहे में आज और कल भारी बारिश की संभावना है। शनिवार को तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
 
अगले 48 घंटे के दौरान मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। दिल्ली में शुक्रवार की सुबह ठंड महसूस की गई और कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
 
घाटी में ठंड बढ़ने के कारण पूरे कश्मीर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यह शून्य से नीचे 1.4 डिग्री सेल्सियस था। पहलगाम में तापमान शून्य से नीचे 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 
 
चक्रवात 'मिगजॉम' के कारण मूसलधार बारिश होने के कुछ दिनों बाद गुरुवार को चेन्नई के कुछ हिस्सों और आसपास के जिलों के उपनगरों में पानी भर गया जिससे महानगर और इसके आसपास के इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। 
 
दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र पर कम दबाव का क्षेत्र चिह्नित हो गया है, हालांकि संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिणी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र पर चक्रवाती परिसंचरण से निचले स्तर पर दक्षिणी तमिलनाडु तक फैली हुई है।
 
पश्चिमी विक्षोभ को हरियाणा और आसपास के क्षेत्र पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जाता है। यह औसत समुद्र तल से 3.1 से 5.1 कि.मी. ऊपर बना हुआ है।
 
कैसा रहेगा आज का मौसम? : स्काईमेट वेदर (skymet weather) के अनुसार आज शुक्रवार को पूर्वोत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। अगले 48 घंटों के दौरान नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय और असम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।
 
झारखंड, बिहार के कुछ हिस्सों, दक्षिण-पूर्वी उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। छत्तीसगढ़, ओडिशा, पूर्वी मध्यप्रदेश, तटीय आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश संभव है।
 
Edited by: Ravindra Gupta