JNU में फिर हिंसा, ABVP और वाम गठबंधन के छात्रों के बीच झड़प, 12 घायल
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्यों और वाम गठबंधन ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आईसा) एवं स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के बीच झड़प हो गई जिसमें करीब 12 छात्र घायल हो गए और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
छात्रसंघ के सदस्यों ने बताया कि झड़प में गंभीर रूप से घायल लोगों का नई दिल्ली स्थित एम्स में इलाज चल रहा है। घटना से संबंधित औपचारिक शिकायत दिल्ली पुलिस में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना रविवार रात करीब 10 बजे विश्वविद्यालय के छात्रसंघ कार्यालय में हुई।
दोनों पक्षों के सदस्य एक-दूसरे पर हिंसा शुरू करने का आरोप लगा रहे हैं। एबीवीपी-जेएनयू के अध्यक्ष शिवम चौरसिया ने कहा कि जब वे छात्रसंघ कार्यालय के छात्र गतिविधि केंद्र में बैठक कर रहे थे तब आईसा और एसएफआई के सदस्यों ने अंदर आकर एबीवीपी के छात्रों को बाहर जाने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि हमसे कहा गया कि इस स्थान का इस्तेमाल सिर्फ छात्रसंघ ही कर सकता है, जो कि गलत है। यह गतिविधि केंद्र सभी छात्रों के लिए खुला है। जब हमने उनकी इस बात का विरोध किया तो उन्होंने हम पर कुर्सियों से हमला करना शुरू कर दिया। दूसरी तरफ जेएनयू छात्र संघ (जेएनयूएसयू) की अध्यक्ष आइशी घोष ने एबीवीपी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि एबीवीपी ने हिंसा शुरू की थी।
उन्होंने कहा कि वह स्थान पहले से ही एक अन्य संगठन के एक कार्यक्रम के लिए बुक किया गया था। इस बीच एबीवीपी ने वहां पहुंचकर अपनी बैठक शुरू कर दी। मैं और जेएनयूएसयू के अन्य सदस्य उनसे बात करने के लिए मौके पर पहुंचे।
जब हमने एबीवीपी के सदस्यों से अपनी बैठक को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए कहा तब वे हिंसक हो गए और अंत में हम पर हमला कर दिया। इस दौरान हमारे एक सदस्य को गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि झड़प में घायल हुए वाम गठबंधन के छात्रों ने एबीवीपी के खिलाफ एक औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है।ABVP'S GOONS UNLEASHED VIOLENCE IN JNU TODAY.
— Aishe (ঐশী) (@aishe_ghosh) November 14, 2021
Time and again these criminals have unleashed violence on students and have disrupted campus democracy.
Will the JNU Administration still be silent ? Will no actions be taken on the goons ?
Photos of students attacked today. pic.twitter.com/ZnkjZ10Vhq
जेएनयू छात्र संघ की अध्यक्ष और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की नेता आइशी घोष ने मारपीट को लेकर ट्विटर पर जानकारी दी है। दोनों संगठनों की ओर से एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। आइशी घोष ने इस घटना के लिए एबीवीपी पर आरोप लगाया है।
एबीवीपी के मुताबिक जेएनयू के स्टूडेंट एक्टिविटी रूम में उनकी बैठक जारी थी। उसी दौरान रविवार रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर लेफ्ट के छात्र वहां पहुंचे और मारपीट करने लगे। खबरों के मुताबिक इस घटना को लेकर दिल्ली के वसंत कुंज पुलिस स्टेशन में एबीवीपी की तरफ से शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

