1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Uttarakhand : 2 dead bodies found from tapovan tunnel

तपोवन टनल में मिले 2 शव, उत्तराखंड हादसे के बाद अब तक 40 शव बरामद

Uttarakhand
तपोवन। उत्तराखंड में गाद और मलबे से भरी तपोवन सुरंग में NDRF और SDRF के जवान राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। आज सुबह टनल से 2 शव बरामद किए गए।

उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि चमोली में स्थि‍त तपोवन टनल से आज 2 शव बरामद किए गए। यहां 7 फरवरी से राहत और बचाव कार्य चल रहा है। NDRF और SDRF के जवान शवों को बाहर निकाल रहे हैं।   

सुरंग में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए सुरक्षाबल के जवानों ने एक बड़ा सुराख किया है। इस सुरंग में 30 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका है।

राज्य में इस आपदा में अब तक 40 लोगों की मौत हो चुकी है और 166 लोग लापता हैं। तपोवन सुरंग में अब भी 25 से 35 लोगों के फंसे होने की संभावना है।
 
उल्लेखनीय है कि 7 फरवरी को ऋषिगंगा घाटी में पहाड़ से गिरी लाखों मीट्रिक टन बर्फ के कारण ऋषिगंगा और धौलीगंगा नदियों में अचानक आई बाढ़ से 13.2 मेगावाट ऋषिगंगा जल विद्युत परियोजना पूरी तरह तबाह हो गई थी। 520 मेगावाट वाली तपोवन-विष्णुगाड परियोजना को काफी क्षति पहुंची और उसकी सुरंग में काम कर रहे लोग वहां फंस गए।
अगला लेख
चीन ने WHO के साथ कोरोना डाटा साझा करने से किया इंकार