मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. There will be relief from the scorching heat
Written By
Last Updated : गुरुवार, 20 अप्रैल 2023 (09:46 IST)

Weather News: कई राज्यों को तपती गर्मी से मिलेगी राहत, कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी की संभावना

Weather News: कई राज्यों को तपती गर्मी से मिलेगी राहत, कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी की संभावना - There will be relief from the scorching heat
  • देश के ज्यादातर हिस्सों में लू का प्रकोप
  • कहीं-कहीं बारिश के कारण गर्मी से राहत
  • कई राज्यों में तापमान 44 डिग्री के पार
India Weather Updates: देश के मैदानी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल लू के साथ गर्मी (Heatwave) कहर जारी है। अनेक शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। हालांकि बुधवार को कहीं बर्फबारी तो कहीं बारिश ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत पहुंचाई है। लेकिन देश के कई हिस्सों में मौसम में तपिश बनी हुई है। IMD के अभी की कहीं वर्षा तो कहीं बर्फबारी की संभावना है।
 
इससे पहले भारत मौसम विज्ञान (IMD) ने यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल के साथ 9 राज्यों के लिए लू का अलर्ट जारी किया था। लेकिन IMD ने अब एक राहत की खबर दी है। IMD ने कहा है कि देश कुछ राज्यों में अगले 3 दिनों में बारिश (Rain) की संभावना है। IMD के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरप्रदेश और राजस्थान में अगले 3 दिनों में मौसम बदलने की संभावना है। इन राज्यों के अलग-अलग जगहों पर बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है।
 
कई राज्यों में लू का कहर : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह तेज हवाएं चलीं और दिन में हल्की बारिश के कारण गत कई दिनों से लू जैसी स्थिति का सामना कर रहे दिल्ली वालों को थोड़ी राहत मिली। दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां पिछले कई दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा था।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है। आईएमडी के मुताबिक उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में और ओडिशा के बारीपदा में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मध्यप्रदेश के खजुराहो में सबसे ज्यादा 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके साथ ही भोपाल समेत कई इलाकों में छिटपुट बारिश भी दर्ज की गई। 
 
मौसम विभाग ने बताया कि गत 8 दिनों से पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदान के कुछ इलाकों में लू चल रही है। वहीं आंध्रप्रदेश में गत 6 दिन से, बिहार में गत 5 दिन से और पंजाब व हरियाणा में गत 2 दिन से लू का प्रकोप है।
 
त्रिपुरा में विशेष आपदा घोषित : त्रिपुरा में पिछले सप्ताह से गर्मी का सितम जारी है और बुधवार को राज्य ने लू, गर्मी की वजह से 'राज्य विशेष आपदा' की घोषणा की और लोगों से मौसम के प्रकोप से बचने के लिए उपाय करने का अनुरोध किया।
 
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरप्रदेश के कई स्थानों पर 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राज्य के हमीरपुर में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया इसके बाद कुशीनगर, झांसी, आगरा, कानपुर में अधिकतम तापमान क्रमश: 44.1 डिग्री, 43.6 डिग्री, 43.4डिग्री और 43 डिग्री दर्ज किया गया।
 
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी उत्तरप्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
 
राजस्थान में आंधी और बारिश : पूर्वी राजस्थान में धूल भरी आंधी के साथ गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इससे इन इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से चार डिग्री की गिरावट आने की उम्मीद है। राज्य के बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी चली।
 
हिमाचल में बर्फबारी : हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है जबकि अन्य हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राज्य में बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में धुंध छाई रही और सुबह दृश्यता महज कुछ मीटर रही।
 
इसकी वजह से पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और आदिवासी लाहौल स्पीति जिले के केयलांग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। 
 
आंध्र में राहत की उम्मीद : आंध्रप्रदेश के कई इलाकों में भी भीषण गर्मी का प्रकोप है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 और 22 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बताया कि बिजली चमकने के साथ उत्तरी तटीय, दक्षिणी तटीय, यानम और रायलसीमा क्षेत्र में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। केरल के अलप्पुझा, कोट्टयम, कोझिकोड, कोल्लम और त्रिशूर जिलों में बुधवार को सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया है।
 
बंगाल में बांकुड़ा सबसे गर्म : कार्यालय के मुताबिक पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 40.6 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदान के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है। बांकुड़ा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां पर 44.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया जबकि पानागढ़ वायुसेना केंद्र में 43.7 डिग्री और श्रीनिकेतन में 43.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
 
बिहार में ऑरेंज अलर्ट : आईएमडी ने बताया कि बिहार के मोतिहारी, सीतामढ़ी, बेगूसराय, खगड़िया और बांका जिलों में भीषण लू के मद्देनजर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। विभाग ने बृहस्पतिवार को भी कई स्थानों पर लू का प्रकोप जारी रहने का पूर्वानुमान लगाया है।
 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सभी जिलों के अधिकारियों को लू के मद्देनजर विस्तृत तैयारी करने का निर्देश दिया। झारखंड में अधिकतम तापमान 39 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा में कटक, खुर्दा और मयूरभंज जिले के कुछ स्थानों पर लू का प्रकोप है। हालांकि, नवरंगपुर जिले के एक स्थान पर हल्की बारिश हुई। 
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : अगले 24 घंटों के दौरान, पश्चिमी हिमालय पर छिटपुट से लेकर बड़े पैमाने पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय की ऊपरी पहाड़ियों पर हिमपात की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर बर्फबारी संभव है। असम, मेघालय और नागालैंड में एक या 2 मध्यम बारिश हो सकती है।
 
अगले 48 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों, दिल्ली और एनसीआर, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में छिटपुट बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। मध्यप्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तर मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण तटीय कर्नाटक, केरल, दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और दक्षिण गुजरात में 1 या 2 स्थानों पर हल्की बारिश और आंधी संभव है। उत्तर पश्चिमी भारत में तापमान गिर सकता है।
 
इंदौर-भोपाल में वर्षा के आसार: अलग-अलग स्थानों पर बनी 3 मौसम प्रणालियों के असर से आ रही नमी के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने लगा है। इंदौर, भोपाल समेत कई जिलों में बादल छाने लगे हैं। साथ ही कहीं-कहीं बिजली कड़कने के साथ हल्की वर्षा भी हो रही है। इंदौर में बुधवार अलसुबह बूंदाबांदी हुई। दोपहर में बादल छंटने पर निकली धूप ने गर्मी का एहसास करवाया। शाम होते-होते फिर बादल छाए और बिजली भी चमकी। हवाएं 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चलीं।(भाषा/वेबदुनिया)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
यमन में जकात लेने के लिए मची भगदड़ में 85 लोगों की मौत