1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Stray dog ​​attack snatches away parents happiness

आवारा कुत्ते के हमले ने छीनी मां-बाप की खुशियां, 3 साल के अरमान की मौत

Death due to stray dog ​​bite
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जाफरगेट के पुराने मोंढा इलाके में 3 साल के बच्चे की आवारा कुत्ते के काटने से मौत हो गई। बच्चे का नाम शेख अरमान था, जो कुछ दिन पहले अपने घर के पास खेल रहा था, तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया।

हमले के बाद जब परिवार ने अरमान के शरीर की जांच की, तो उन्हें कहीं भी काटने का निशान नहीं मिला। सब कुछ सामान्य लग रहा था। लेकिन असल जख्म बच्चे के सिर पर था, जो बालों के नीचे छिप गया था। माता-पिता को यह पता ही नहीं चला कि वहीं से संक्रमण शुरू हो चुका है।

कुछ दिनों बाद अरमान की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे बुखार और बेचैनी की शिकायत हुई। परिवार ने जब डॉक्टर को दिखाया तो सच्चाई सामने आई कुत्ते ने सिर पर काटा था और संक्रमण फैल चुका था। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन स्थिति तेजी से बिगड़ती चली गई। एक हफ्ते के भीतर ही अरमान ने दम तोड़ दिया।

बता दें कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और नगर निगम पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने आवारा कुत्तों को पकड़ने या टीकाकरण अभियान चलाने पर ध्यान नहीं दिया। अरमान की मौत ने शहर में आवारा कुत्तों की समस्या पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन अब चाहते हैं कि इस दर्दनाक हादसे के बाद कोई और बच्चा ऐसी मौत का शिकार न बने।
Edited By: Navin Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
9 पेज का सुसाइड नोट में बड़े अफसरों के नाम, आखिर क्या है ADGP वाई पूरन कुमार की आत्महत्या का राज?