1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Sri Lanka attack terrorist attacks in Sri Lanka

श्रीलंका हमला : दुनिया की मशहूर हस्तियों ने की आतंकी हमले की निंदा, लोगों से शांति की अपील

Sri Lanka attack
मुम्बई। दुनियाभर की मशहूर हस्तियों ने श्रीलंका में रविवार को हुए बम धमाकों की निंदा करते हुए त्वरित कार्रवाई करने और शांति बनाए रखने की अपील की।
 
ईस्टर के मौके पर गिरजाघरों और होटलों को निशाना बनाकर किए गए 8 बम धमाकों में दर्जनों विदेशियों समेत करीब 207 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इनमें ब्रिटेन, डच और अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं। हमलों का प्रकार अभी स्पष्ट नहीं है, न ही किसी ने इनकी जिम्मेदारी नहीं ली है।
 
बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस यूनिवर्स जैकलीन फर्नांडिज ने हमले पर दुख जताते हुए कहा कि हिंसा प्रतिक्रियाओं को चक्र है और इसे रोकने का समय आ गया है।
 
उन्होंने कहा कि श्रीलंका में बम धमाकों की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि कोई यह नहीं देख पा रहा कि हिंसा प्रतिक्रियाओं का एक चक्र है। इसे रोकना होगा। 
 
भारतीय मूल की अमेरिकी अभिनेत्री-लेखिका कलिंग ने कहा कि सबसे पवित्र दिनों में से एक ईस्टर पर जश्न मना रहे लोगों पर हमला बीमार मानसिकता को दर्शाता है।
 
उन्होंने ट्वीट किया कि श्रीलंका से आई खबर डरवानी है। सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति मेरा दिल दुखी है। सबसे पवित्र दिनों में से एक ईस्टर पर बड़ी संख्या में लोग गिरजाघर में थे। मैं पूरी तरह से हिल गई हूं। फिल्मकार शेखर कपूर ने कहा कि आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए खतरा है। 
 
उन्होंने कहा कि ताजा खबरों के मुताबिक श्रीलंका में गिरजाघरों और होटलों पर हुए आतंकी हमलों में कई लोगों की मौत हो गई। किसी ने भी इसकी जिम्मेदारी नहीं ली। ईस्टर पर जब गिरजाघरों में भीड़ थी तब यह पूर्व नियोजित हमला किया गया। आतंकवाद हमारा नंबर एक दुश्मन है। कोई नहीं, कहीं भी सुरक्षित नहीं है। 
 
इसके अलावा पाकिस्तानी अभिनेता-गायक अली जफर, अमेरिकी पॉप गायक मारिया कैरी, दक्षिणी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता और राजनीतिक नेता कमल हसन, अभिषेक बच्चन, आर. माधवन, अर्जुन कपूर, परिणीति चोपड़ा, अनुष्का शर्मा, दीया मिर्जा, उर्मिला मातोंडकर, प्रकाश राज, विक्की कौशल, स्वरा भास्कर, बमन ईरानी दक्षिण भारतीय अभिनेता सिद्धार्थ और टीवी अभिनेता करण टेकर समेत कई हस्तियों ने हमलों की निंदा करते हुए शांति बनाए रखने की अपील की।
अगला लेख
श्रीलंका में सीरियल ब्लास्ट, धमाकों से पहले पुलिस प्रमुख ने दी थी आत्मघाती हमले की चेतावनी