सम्बंधित जानकारी
- नवजोत सिंह सिद्धू की सफाई, गले पड़ी मुसीबत पर कुछ इस तरह बोले...
- सिद्धू के पाकिस्तान जाने पर साध्वी प्राची ने कहा, कांग्रेस ने जोकर को भेजा
- सिद्धू से अमरिंदर भी नाराज, कहा- पाक सेना प्रमुख को गले लगाना गलत
- पाकिस्तान को लेकर सिद्धू का भाजपा पर पलटवार
- भाजपा का बड़ा हमला, किस हैसियत से पाक राष्ट्रपति के पास बैठे, सेना प्रमुख को क्यों लगाया गले
सिद्धू की मुसीबत बढ़ी, राजद्रोह के मुकदमे के लिए याचिका
लखनऊ/मुंबई। उत्तर प्रदेश में वाराणसी और कानपुर की अदालतों में मंगलवार को कांग्रेसी नेता नवजोतसिंह सिद्धू के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करने संबंधी याचिका दायर की गई। दूसरी ओर मुंबई के एक भाजपा नेता ने सिद्धू को हाथ-पांव काटने की धमकी दी है।
याचिकाकर्ताओं की दलील है कि पड़ोसी देश पाकिस्तान में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सिद्धू ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा से गले लगकर देश के लोगों की भावनाओं को आहत किया है और सैनिकों की शहादत का अपमान किया है।
वाराणसी में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में अधिवक्ता कमलेश चन्द्र त्रिपाठी ने भादसं की धारा 121 (ए), 124 (ए) और 511 के तहत याचिका दायर की। मामले की सुनवाई 23 अगस्त को होगी।
इसी तरह कानपुर में वकील प्रियांशु सक्सेना ने महानगर मजिस्ट्रेट सप्तम की अदालत में पंजाब के मंत्री के खिलाफ परिवाद दायर किया। इस मामले की सुनवाई की तारीख 27 अगस्त मुकर्रर की गई है।
हाथ पांव काटने की धमकी : दूसरी ओर मुंबई में भाजपा नेता और दरगाह कमेटी अजमेर के सदस्य मोहम्मद फारुख आजम ने धमकी भरे अंदाज में कहा कि जब तक सिद्धू को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ देशद्रोह का केस नहीं चलाया जाता, हम धरना प्रदर्शन और आंदोलन करते रहेंगे। भाजपा नेता ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर सिद्धू ने मुंबई में कदम रखा, तो हम उनके हाथ-पैर काट देंगे।
