शिवराज सिंह चौहान ने किसे कहा 'नरपिशाच' और क्यों मोहन यादव सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे पूर्व सीएम?
shivraj singh chouhan protest: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान (मामा) अपनी ही पार्टी की डॉ. मोहन यादव सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ खुलकर मोर्चे पर आ गए हैं। सीहोर जिले के ग्राम कोसमी (जो शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र विदिशा और उनके पूर्व विधानसभा क्षेत्र बुधनी के अंतर्गत आता है) में गरीब आदिवासी परिवारों के घरों पर चलाए गए प्रशासन के बुलडोजर और अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के बाद यह विवाद चरम पर पहुंच गया है।
शिवराज चौहान ने किसे कहा 'नरपिशाच'?
ग्राम कोसमी में बेघर हुए बरेला आदिवासी समुदाय के परिवारों के बीच पहुंचे शिवराज सिंह चौहान का गुस्सा वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों पर फूट पड़ा।
- अधिकारियों पर कड़ा हमला : मलबे और टूटी छप्परों के बीच रोते-बिलखते आदिवासियों को गले लगाते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को 'नरपिशाच' तक कह दिया।
- सीधे आरोप: उन्होंने कहा कि ये अधिकारी संवेदनहीन हो चुके हैं और जानबूझकर गरीब, असहाय आदिवासियों को प्रताड़ित कर रहे हैं।
- निर्देशों की अनदेखी : पूर्व सीएम ने खुलासा किया कि उन्होंने पहले ही स्थानीय कलेक्टर और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया था कि वर्षों से काबिज इन गरीब परिवारों को बेदखल न किया जाए, लेकिन अधिकारियों ने उनकी बात को अनसुना कर दिया।
यह मुख्यमंत्री मोहन यादव को बदनाम करने की साजिश
पीड़ित परिवारों के साथ धरने पर बैठते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह कार्रवाई केवल आदिवासियों पर हमला नहीं है, बल्कि सरकार की साख को नुकसान पहुंचाने की कोशिश है। ये गरीब आदिवासी परिवार वर्षों से भाजपा के निष्ठावान वोटर रहे हैं। इन्हीं के जनादेश की वजह से आज प्रदेश में भाजपा की सरकार है और डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री बने हैं। कुछ अफसर अपनी मनमानी से मुख्यमंत्री और सरकार की बदनामी कराने पर तुले हैं। मैं इस अन्याय पर चुप नहीं रहूगा।
शिवराज सिंह चौहान ने मौके से ही मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल और भाजपा प्रदेश नेतृत्व से फोन पर बात कर अपनी सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने घोषणा की कि बेघर हुए सभी परिवारों के लिए नए घर बनवाए जाएंगे और तब तक उनके भोजन व रहने की पूरी व्यवस्था की जाएगी।
क्यों आमने-सामने आए 'मामा' और मोहन?
इस पूरे घटनाक्रम ने मध्य प्रदेश में 'शिवराज बनाम मोहन यादव' की सियासी खींचतान को उजागर कर दिया है।
- प्रशासनिक अनदेखी का दर्द : राजनैतिक विश्लेषकों का मानना है कि केंद्र में मंत्री बनने और मध्य प्रदेश की सत्ता का हस्तांतरण होने के बाद राज्य के प्रशासनिक अमले में पूर्व सीएम के निर्देशों की हो रही अनदेखी से शिवराज सिंह चौहान असहज महसूस कर रहे थे। हाल ही में बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक में भी केंद्रीय नेताओं के सामने नौकरशाही द्वारा प्रोटोकॉल और सुनवाई न करने का मुद्दा उठा था।
- अपने ही गढ़ में बुलडोजर कार्रवाई : बुधनी/सीहोर का क्षेत्र शिवराज सिंह चौहान का पारंपरिक राजनीतिक गढ़ माना जाता है। अपने ही संसदीय क्षेत्र के कोसमी गांव में वन विभाग द्वारा 10 से अधिक आदिवासी परिवारों की फसलें नष्ट करने, झोपड़ियां गिराने और कुओं को मिट्टी से भरने की कार्रवाई ने उनके राजनीतिक प्रभाव और क्षेत्रीय जनाधार पर सीधा असर डाला।
विपक्ष का हमला
सत्ता की खींचतान में पिस रहे गरीब : इस घटना के बाद कांग्रेस ने बीजेपी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा की अंदरूनी खींचतान और 'मोहन-मामा' की आपसी लड़ाई की सजा गरीब आदिवासियों को भुगतनी पड़ रही है। एक तरफ आदिवासियों के सम्मान के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी गाढ़ी कमाई पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।
अपनी ही सरकार के खिलाफ केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री का धरने पर बैठना मध्य प्रदेश भाजपा के भीतर गहरी अंदरूनी खींचतान की ओर इशारा करता है। जहां शिवराज सिंह चौहान ने इसे अधिकारियों की नाफरमानी और मुख्यमंत्री की बदनामी की साजिश बताया है, वहीं इस घटना ने मोहन यादव सरकार के लिए एक बड़ी राजनीतिक और प्रशासनिक चुनौती खड़ी कर दी है।

